उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना, ठंड बढ़ने के आसार, IMD का आया ये अपडेट

उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना, ठंड बढ़ने के आसार, IMD का आया ये अपडेट

UP Weather Today: प्रदेश के तापमान की बात करें तो राजधानी लखनऊ में 20.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. वहीं, राजधानी में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रिकार्ड किया गया है.

 यूपी में दिन में तेज धूप खिलने से गर्मी और उमस अभी भी जारी है (Photo Credit-Kisan Tak) यूपी में दिन में तेज धूप खिलने से गर्मी और उमस अभी भी जारी है (Photo Credit-Kisan Tak)
नवीन लाल सूरी
  • Lucknow,
  • Oct 20, 2024,
  • Updated Oct 20, 2024, 7:49 AM IST

उत्तर प्रदेश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. बारिश का दौर थमने के बाद न्यूनतम तापमान में कमी आई है, जिस कारण प्रदेश के अधिकतर जिलों में शाम के समय ठंडक का अहसास होने लगा है. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी करते हुए बताया कि दिवाली के बाद प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से कुछ जिलों में तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल प्रदेश में ठंड का अहसास होने लगा है. शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्र में सूरज ढलते ही मौसम में हल्की ठंड शुरू हो जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पंखे से काम चलाने लगे हैं. वहीं, नोएडा से लेकर लखनऊ तक अभी भी लोगों को धूप के कारण दिन में गर्मी और उमस का अहसास हो रहा है.

आंचलिक विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 20 अक्टूबर यानी रविवार को प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं किसी तरह की कोई चेतावनी जारी हुई है. बीते काफी दिनों से सूबे में मौसम शुष्क बना हुआ है. यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना जताई गई है. उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में यूपी के दोनों हिस्सों में मौसम साफ बना रहने वाला है. इस दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं जताई गई है. यूपी में आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की भी संभावना है.

यूपी के इन जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के वेदर फोरकास्ट के अनुसार, आज महाराजगंज, कुशीनगर, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, संभाल, बदायूं, कांशीराम नगर, एटा, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश (5 mm/Hr) और 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे प्रदेश के मौसम में बदलाव होगा और ठंड बढ़ेगी.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 21, 22 और 23 अक्टूबर को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रह सकता है. साथ ही 24 और 25 अक्टूबर को भी प्रदेश में मौसम जस का तस बना रहेगा. इस अवधि में तापमान में थोड़ा बहुत ऊपर नीचे हो सकता है. प्रदेश के तापमान की बात करें तो राजधानी लखनऊ में 20.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. वहीं, राजधानी में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री रिकार्ड किया गया है.

दिवाली बाद ठंड की होगी शुरुआत

मुजफ्फरनगर में सबसे कम 18.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा है. इसके अलावा नजीबाबाद, कानपुर शहर और गाजीपुर में 19 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है. मेरठ में 19.3 डिग्री, अयोध्या में 19.5 डिग्री, आगरा ताज में 21 डिग्री, बुलंदशहर में 22 डिग्री, अलीगढ़ में 21.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकार्ड किया गया है. वहीं, आगरा ताज में सबसे ज्यादा 37 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिवाली-छठ पर्व तक प्रदेश में ठंड की शुरुआत हो जाएगी. 

 

MORE NEWS

Read more!