तमिलनाडु से अंडमान तक भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

तमिलनाडु से अंडमान तक भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

IMD ने 10 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अंडमान-निकोबार में 14 नवंबर तक बारिश की आशंका है. वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

aaj ka mausam imdaaj ka mausam imd
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 10, 2026,
  • Updated Nov 10, 2026, 8:47 AM IST

देश के कई हिस्सों में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 10 से 14 नवंबर तक कई स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है. पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. इसके अलावा उत्तर भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने का अनुमान है. इसका असर 12 और 13 नवंबर को ज्यादा दिखाई दे सकता है. आइए जानते हैं, 10 नवंबर से आगे देश के अलग-अलग राज्यों में कैसा रहेगा मौसम…

दक्षिण भारत में ऐसा रहेगा मौसम का हाल

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में 10 नवंबर के बाद 15 नवंबर को भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. क्षेत्र में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर कोमोरिन क्षेत्र और आसपास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके असर से बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. केरल और माहे में 11 से 13 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. दूसरी ओर, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में फिलहाल किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है.

अंडमान-निकोबार में पांच दिन भारी बारिश की आशंका

आईएमडी के मुताबिक, पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 10 से 14 नवंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. 10 से 13 नवंबर के बीच कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

मौसम विभाग ने मछुआरों को 10 नवंबर को म्यांमार के दक्षिणी तट से लगे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में समुद्र में न जाने की सलाह दी है. इसके अलावा 12 से 14 नवंबर के दौरान अंडमान सागर में भी मछुआरों के लिए चेतावनी जारी की गई है.

उधर, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 10 से 12 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है. इन चार राज्यों में 11 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. 

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के आसार

उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदलने वाला है. IMD के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके चलते जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है.

हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं, उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 12 और 13 नवंबर को कई स्थानों पर व्यापक बारिश या बर्फबारी हो सकती है. 

इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश या बर्फबारी के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

मैदानी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब में 12 से 15 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में 10 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और सुबह के समय कई स्थानों पर मध्यम कोहरा रहने का अनुमान है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 

यहां 11 नवंबर को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है. 12 नवंबर को भी सुबह के समय कोहरा रहने का अनुमान है. राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है.

MORE NEWS

Read more!