बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम! इन राज्यों में बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम! इन राज्यों में बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

नवंबर में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है, जिसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. इसके असर से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है.

बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफानबंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफान
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Nov 13, 2026,
  • Updated Nov 13, 2026, 9:01 AM IST

नवंबर का महीना आधा बीतने को है, लेकिन देश के कई हिस्सों में अभी भी बारिश का दौर जारी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम विकसित हो रहा है, जिसके अगले कुछ दिनों में कम दबाव के क्षेत्र और फिर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है. इसके चलते दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. दूसरी ओर, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं. ऐसे में आइए जानते हैं आज के देशभर में मौसम का हाल.

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर और आसपास के इलाकों में बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके प्रभाव से 13 नवंबर को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. वहीं, 14 नवंबर तक यह सिस्टम और स्पष्ट हो सकता है, जबकि 15 नवंबर के आसपास इसके डिप्रेशन में बदलने के आसार हैं. इसके बाद यह सिस्टम उत्तर की ओर बढ़ सकता है. मौसम मॉडल के मुताबिक, 19 से 25 नवंबर के दौरान बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की भी संभावना जताई गई है. हालांकि, ये किस दिशा में आगे बढ़ेगा और कहां इसका लैंडफॉल होगा, इसे लेकर अभी अलग-अलग मॉडल में सहमति नहीं है.

13 नवंबर को इन राज्यों में बारिश के आसार

13 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. यहां 13 से 16 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है. इससे कुछ स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. इससे पहले 12 नवंबर को इन इलाकों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई थी. पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. हालांकि, देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.

दक्षिण भारत में आगे बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

दक्षिण भारत में आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. 19 से 25 नवंबर के दौरान तमिलनाडु और केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बंगाल की खाड़ी में बनने वाले संभावित चक्रवाती सिस्टम का असर भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दूसरे सप्ताह की बारिश काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगी कि संभावित चक्रवाती तूफान किस दिशा में आगे बढ़ता है और उसका संभावित लैंडफॉल कहां होता है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में 13 नवंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. आसमान साफ या आंशिक रूप से बादलों वाला रह सकता है. फिलहाल बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम का दिल्ली-NCR पर सीधे बारिश कराने वाला असर नजर नहीं आ रहा है. मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 13 से 18 नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है. ऐसे में दिल्ली-NCR में फिलहाल कड़ाके की ठंड या शीतलहर की संभावना नहीं है. हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है.

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को अपनी फसलों की नियमित निगरानी करनी चाहिए, जिन इलाकों में बारिश की संभावना है, वहीं किसान खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें, ताकि पानी जमा होने से फसलों को नुकसान न होय कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें और उपज को तिरपाल से ढककर रखें. धान, सब्जियों और अन्य तैयार फसलों की कटाई-मड़ाई करते समय स्थानीय मौसम पूर्वानुमान का ध्यान रखें. संभावित चक्रवाती सिस्टम को देखते हुए तटीय क्षेत्रों के किसानों और मछुआरों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखनी चाहिए.

MORE NEWS

Read more!