
उत्तर-पश्चिम भारत में 13 नवंबर से एक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है. इसके प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है. वहीं, दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, सुबह के समय कोहरा पड़ने और दिन के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है. यह जानकारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान में सामने आई है.
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके प्रभाव से 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कई स्थानों पर व्यापक से काफी व्यापक बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में 14 और 15 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 13 से 15 नवंबर के बीच छिटपुट से लेकर कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.
मैदानी इलाकों की बात करें तो हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 13 और 14 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 नवंबर को छिटपुट बारिश की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 13 और 14 नवंबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश में 13 नवंबर को कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
दिल्ली में गिरेगा दिन का तापमान, सुबह कोहरे के आसार
दिल्ली में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है. हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
शुक्रवार सुबह सफदरजंग में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया. सुबह 6.30 बजे यहां दृश्यता घटकर 200 मीटर रह गई थी, जो 8.30 बजे तक सुधरकर 800 मीटर हो गई. वहीं, पालम में सुबह 7 से 8.30 बजे के बीच दृश्यता 1,000 मीटर दर्ज की गई.
13 नवंबर को दिल्ली में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और दोपहर से शाम के दौरान आंशिक रूप से बादल छाने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दोपहर के समय उत्तर दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
14 नवंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा पड़ सकता है. अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
15 और 16 नवंबर को दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है. इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने 15 नवंबर की सुबह से पूर्वाह्न के दौरान दिल्ली में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना भी जताई है.
16 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, हालांकि सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा छाया रह सकता है. इस दिन न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले सप्ताह के दौरान पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में किसी बड़े मौसमी बदलाव या महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि की संभावना नहीं है.
इस बीच, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसका प्रमुख प्रभाव बंगाल की खाड़ी और पूर्वी तटीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है.(अनमोल नाथ बाली का इनपुट)