
देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज दक्षिण भारत के राज्यों से लेकर जम्मू-कश्मीर तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके बाद अगले 24 घंटों के दौरान यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है. इसके असर से दक्षिण भारत के मौसम में आगे बदलाव देखने को मिल सकता है. जानिए आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल…
मौसम विभाग के अनुसार, आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. केरल और माहे में 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश और गरज-चमक की संभावना है. लक्षद्वीप में भी 10 से 16 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. है. वहीं, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में आज इन क्षेत्रों में किसी बड़े मौसमी बदलाव का पूर्वानुमान नहीं है.
इधर, पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. जम्मू-कश्मीर में 12 नवंबर को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में 10 से 16 नवंबर तक छिटपुट बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
आईएमडी के अनुसार, पंजाब में 12 से 16 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, 11 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बारिश का कोई खास पूर्वानुमान नहीं है. दिल्ली में सुबह के समय कई स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 10 और 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश हो सकती है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 12 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है. सिक्किम में भी 11 नवंबर को बारिश की संभावना बनी हुई है.
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर तक कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. वहीं, आज इन राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी रह सकती है.
इसके अलावा, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 10 से 16 नवंबर तक कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. 14 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान तेज हवाए चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है.