Weather Update: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, दिल्ली-NCR में कोहरा, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update: बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का खतरा, दिल्ली-NCR में कोहरा, इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. IMD ने अंडमान-निकोबार में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में धुंध, कोहरा और हल्की बारिश की संभावना है. दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा.

weather today aaj ka mausamweather today aaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 14, 2026,
  • Updated Nov 14, 2026, 8:48 AM IST

देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे ताकतवर हो रहा है और इसके अगले दो दिनों में डिप्रेशन से होते हुए चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. मौसम विभाग ने 14 नवंबर को अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है. दिल्ली-NCR में सुबह के समय धुंध और कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है.

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने के संकेत

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र 14 नवंबर को और मजबूत होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया बन सकता है. इसके 15 नवंबर की सुबह तक डिप्रेशन में बदलने और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. इसके बाद 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान है. इस सिस्टम के प्रभाव से अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 13 से 19 नवंबर तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है. 14 नवंबर को यहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका है.

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर

वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और आसपास के पहाड़ी इलाकों में मौसम बदला रहेगा. 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.

दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम?

इधर, दिल्ली-NCR में 14 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर हल्की धुंध और कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 से 15 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. पश्चिमी राजस्थान में भी 14 और 15 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.

अंडमान-निकोबार में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में मौसम सबसे ज्यादा प्रभावित रहने वाला है. यहां 14 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अलर्ट है. 13 से 17 नवंबर तक 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इसके अलावा 18 और 19 नवंबर को गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. ओडिशा में 18 और 19 नवंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश के आसार

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. केरल और माहे में भी 13 से 15 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. लक्षद्वीप में 13 से 19 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 19 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु में 15 नवंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जबकि केरल में 16 से 19 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है.

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी

बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम को देखते हुए समुद्र में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की आशंका है. मौसम विभाग ने मछुआरों को 15 नवंबर तक समुद्र से तटों पर लौटने की सलाह दी है. अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह के आसपास 17 नवंबर तक मछली पकड़ने नहीं जाने को कहा गया है. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में भी 17 नवंबर तक समुद्र में जाने पर रोक संबंधी चेतावनी जारी की गई है. दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 15 से 18 नवंबर और मध्य बंगाल की खाड़ी में 16 से 19 नवंबर तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.

MORE NEWS

Read more!