UP में मूसलाधार बारिश से 56 लोगों की मौत, जानें-28 सितंबर को कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम?

UP में मूसलाधार बारिश से 56 लोगों की मौत, जानें-28 सितंबर को कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम?

UP Weather Today: राहत आयुक्त के अनुसार 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 7.6 मिलीमीटर है. इस तरह प्रदेश में सामान्य से 775 प्रतिशत अधिक बारिश हुई. प्रदेश के 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई. 

यूपी में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है.यूपी में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है.
नवीन लाल सूरी
  • LUCKNOW,
  • Sep 28, 2026,
  • Updated Sep 28, 2026, 8:34 AM IST

उत्तर प्रदेश में जारी भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. प्रदेश के राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि अतिवृष्टि और आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में अब तक 56 लोगों की मौत, 107 पशुहानि और 1,021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है, जबकि 46 लोग घायल हुए हैं. स्थिति को देखते हुए प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं.

तापमान में तेजी से होगी बढ़ोतरी 

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र कमजोर पड़ने से 28 सितंबर यानी सोमवार से बारिश की गतिविधियां कम होंगी. उन्होंने बताया कि कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी ही हो सकती है. वहीं, मंगलवार तक पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं. सिंह ने बताया कि इसके बाद मौसम के साफ होने के साथ दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. बारिश और हवाओं की रफ्तार कम होने के साथ अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. 

इन जिलों में आज बारिश-आंधी की चेतावनी

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, सोमवार को बिजनौर, रामपुर, बरेली, मुरादाबाद, लखीमपुर खीरी, बागपत, श्रावस्ती, सहारनपुर, बहराइच, सिद्धार्थ नगर, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, गाजीपुर, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और अंबेडकर नगर में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलेंगे. वहीं, इस दौरान लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा तो न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक जाएगा.

सामान्य से 775 प्रतिशत अधिक बारिश

राहत आयुक्त के अनुसार 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 7.6 मिलीमीटर है. इस तरह प्रदेश में सामान्य से 775 प्रतिशत अधिक बारिश हुई. प्रदेश के 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई. फर्रूखाबाद में सामान्य से 7,385 प्रतिशत, कन्नौज में 5,664 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 4,408 प्रतिशत, हमीरपुर में 4,240 प्रतिशत और महोबा में 4,100 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई.

फसल क्षति का तत्काल आकलन

अधिकारियों को फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण और आकलन कर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. क्षतिग्रस्त मकानों के मामलों में आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक आवास की व्यवस्था व पात्र परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ दिलाने को भी कहा गया है.

फील्ड में रहकर राहत कार्यों की निगरानी

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने जिलाधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों और आपदा विशेषज्ञों को फील्ड में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं. राहत सामग्री और अनुमन्य सहायता राशि का वितरण प्राथमिकता के आधार पर करने और प्रभावित परिवारों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने को कहा गया है.

रेस्क्यू अभियान लगातार जारी

जलभराव वाले क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं. सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों को आवश्यक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है. प्रशासन ने आमजन से जलभराव, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा नदियों-नालों के तेज बहाव वाले स्थानों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है. आपातकालीन सहायता के लिए राहत आयुक्त कार्यालय की हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क कर सकते है.

ये भी पढ़ें-

UP में बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की बढ़ाई चिंता, खेतों में गिरी धान और गन्ने की फसल

यूपी के 5 लाख किसानों को 6% ब्याज पर मिलेगा कर्ज, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना शुरू

MORE NEWS

Read more!