
उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया. मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 19, 20 और 21 मई को प्रदेश के कई जिलों में अति उष्ण लहर चल सकती है. वहीं, तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है. रविवार को यूपी का सबसे गर्म जिला एक बार फिर बांदा रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने 18 मई यानी सोमवार को भी 33 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
प्रदेश में बढ़ते तापमान और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों को राहत और बचाव की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है. सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संवेदनशील जिलों पर विशेष निगरानी रखी जाए. वहीं सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं.
अस्पतालों में दवाओं, बेड और डॉक्टरों की उपलब्धता बनाए रखने के साथ एंबुलेंस सेवाओं को भी सक्रिय रखने को कहा गया है. साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था और बिजली आपूर्ति बाधित न होने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी और लू के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें. सीएम ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. जबकि प्रशासन ने लोगों से पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने की अपील की है.
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आज प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सुल्तानपुर, आगरा, इटावा, औरैया, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, जालोन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 2-3 दिनों के दौरान तापमान में प्रभावी वृद्धि के साथ आज 45°C के स्तर को पार करने के साथ किसी प्रभावी मौसम तंत्र की अनुपस्थिति में प्रदेश का मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के साथ विकिरणीय ऊष्मन बढ़ने से आगामी 2 दिनों में क्रमिक वृद्धि के साथ पारा 47°C पार करने की संभावना है. सिंह ने बताया कि आगामी सप्ताह के दौरान प्रदेश में कुछ स्थानों पर लू के साथ 19-23 मई के दौरान प्रदेश के दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं भीषण लू चलने की संभावना के तहत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. 46.4°C के साथ बांदा देश में सर्वाधिक गर्म वाला शहर दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें-
Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का यू-टर्न! कहीं बारिश-तूफान तो कहीं भीषण लू का खतरा
किसानों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, Amazon-Flipkart समेत कई कंपनियों को नोटिस जारी