Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का यू-टर्न! कहीं बारिश-तूफान तो कहीं भीषण लू का खतरा

Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का यू-टर्न! कहीं बारिश-तूफान तो कहीं भीषण लू का खतरा

देश में एक बार फिर से बारिश-आंधी का प्रचंड रूप देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 मई को इन 13 राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चल सकती है.

Advertisement
Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का यू-टर्न! कहीं बारिश-तूफान तो कहीं भीषण लू का खतरा देशभर में मौसम का यू-टर्न

देश में मौसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है. 18 मई यानी आज देशभर में मौसम का मिजाज बदला नजर आएगा. कहीं तेज बारिश और आंधी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी, तो कहीं भीषण गर्मी और लू से लोग बेहाल रहेंगे. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक यूपी, बिहार समेत 13 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.  कई जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं देश के 4 राज्यों में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा और लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है. पहाड़ी राज्यों के लिए भी मौसम विभाग ने खास अलर्ट जारी किया है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है. आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में 18 मई को मौसम अचानक करवट ले सकता है. IMD के मुताबिक राजधानी में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दिनभर उमस और गर्मी के बीच शाम के समय मौसम बदलने की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि बारिश और आंधी के बावजूद गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं होगा. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

इन 13 राज्यों आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक देश के 13 राज्यों यूपी, दिल्ली, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी कहर बरपा सकती है. वहीं, इस बारिश से तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी देखने को मिल सकती है.

यहां लू और आंधी-बारिश के आसार

IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले कुछ दिनों में गर्मी का असर और तेज होने वाला है. 18 मई से 22 मई के बीच राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन राज्यों में तापमान लगातार बढ़ेगा और दोपहर के समय हालात ज्यादा खराब रह सकते हैं. खास तौर पर पश्चिमी राजस्थान में स्थिति ज्यादा गंभीर होने की आशंका है. यहां 21 और 22 मई को गंभीर लू (सीवियर हीटवेव) चलने का अलर्ट जारी किया गया है.  

पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

पहाड़ी राज्यों के मौसम की बात करें तो उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर में मौसम बदलने वाला है. कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड में कुछ जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को पहाड़ी इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जहां भारी बारिश की संभावना है वहां खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें और पकी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं. तेज हवाओं और आंधी वाले इलाकों में सब्जियों, बागवानी फसलों और केले जैसी फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है. लू प्रभावित क्षेत्रों में हल्की सिंचाई जारी रखने और मल्चिंग का उपयोग करने को कहा गया है. पशुपालकों को पशुओं के लिए साफ पानी और छायादार स्थान की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है. तटीय राज्यों के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है.

POST A COMMENT