Weather Update: तमिलनाडु समेत कई राज्यों में आंधी-बिजली की चेतावनी, पढ़ें IMD का ताजा मौसम अपडेट

Weather Update: तमिलनाडु समेत कई राज्यों में आंधी-बिजली की चेतावनी, पढ़ें IMD का ताजा मौसम अपडेट

20 अक्टूबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार में भी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है.

aaj ka mausam newsaaj ka mausam news
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Oct 20, 2026,
  • Updated Oct 20, 2026, 7:00 AM IST

देश के कई राज्यों में 20 अक्टूबर को बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, निचले इलाकों में पानी भरने और खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका जताई है. 

देश के इन हिस्‍सों में सामान्य रहेगा मौसम

आईएमडी का कहना है कि 20 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम, मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र सहित इन क्षेत्रों में सप्ताह के दौरान कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने का अनुमान नहीं है. हालांकि, स्थानीय मौसम की स्थिति में बदलाव संभव है.

दिल्ली-NCR में साफ रहेगा आसमान

वहीं, दिल्ली-NCR में 20 अक्टूबर को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा चलने की संभावना है, जिसकी रफ्तार दोपहर में बढ़कर 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. शाम और रात के दौरान हवा की रफ्तार कम होने का अनुमान है. दिल्ली में फिलहाल बारिश को लेकर कोई महत्वपूर्ण चेतावनी नहीं दी गई है.

इन इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका

आईएमडी के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 20 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में 21 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का खतरा बना रहेगा. वहीं, 22 से 25 अक्टूबर के दौरान भी इन इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. विभाग ने इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी है.

केरल में 25 अक्टूबर तक बारिश का दौर

इधर, केरल और माहे में 20 अक्टूबर को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में 25 अक्टूबर तक व्यापक बारिश का दौर जारी रह सकता है. केरल में 21 से 23 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं की भी आशंका है. वहीं, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 20 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि 21 से 24 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने और कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. यहां 21 से 23 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

यहां बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 20 और 21 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. रायलसीमा में 20 अक्टूबर से बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जबकि 21 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. तेलंगाना में 20 अक्टूबर को छिटपुट बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है. आईएमडी के अनुसार, इन क्षेत्रों में तेज हवाओं से बागवानी फसलों, पेड़ों और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है.

अंडमान-निकोबार में बारिश बढ़ने के आसार

पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 20 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने यहां कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है. द्वीपसमूह में 20 से 25 अक्टूबर तक व्यापक बारिश का दौर जारी रह सकता है. ओडिशा में 20 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 

MORE NEWS

Read more!