
देशभर में इस समय मौसम का अलग-सा मिजाज देखने को मिल रहा है. उत्तर भारत में जहां मौसम शुष्क रहने और दिल्ली-NCR में आसमान साफ रहने का अनुमान है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. कर्नाटक और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश होने की संभावना है. इस बीच, बंगाल की खाड़ी में 23 अक्टूबर के आसपास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं, जिसका असर आने वाले दिनों के मौसम पर पड़ सकता है. जानिए देशभर में आज और आने वाले कुछ दिनाें तक मौसम का कैसा रहेगा हाल…
IMD के मुताबिक, 22 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में आसमान साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं, 23 अक्टूबर को भी मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि, 24 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिर सकता है और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.
वहीं, आज उत्तर-पश्चिम भारत यानी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली, मध्य भारत- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिमी भारत के महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा और पूर्वोत्तर भारत- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नगालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. उत्तर-पश्चिम भारत में 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है और यहां कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है.
मौसम विभाग ने कहा है कि आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है. केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी बारिश जारी रह सकती है. तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. वहीं, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने समुद्र के कई हिस्सों में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. केरल तट और लक्षद्वीप क्षेत्र में 26 अक्टूबर तक और कर्नाटक तट पर 23 से 26 अक्टूबर तक यह सलाह लागू रहेगी. अंडमान सागर में 23 से 26 अक्टूबर तक और मन्नार की खाड़ी और दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों में 24 से 26 अक्टूबर तक समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है.