दिल्ली समेत कई राज्यों में जारी रहेगी बारिश, जानें 9 जुलाई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली समेत कई राज्यों में जारी रहेगी बारिश, जानें 9 जुलाई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम

देश के कई राज्यों में बुधवार को अच्छी बारिश हुई, जबकि दिल्ली-एनसीआर में भी झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. IMD ने 9 जुलाई को उत्तराखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. वहीं अगले 2-3 दिनों में मानसून के पूरे देश को कवर करने की संभावना जताई गई है.

aaj ka mausam delhiaaj ka mausam delhi
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jul 09, 2026,
  • Updated Jul 09, 2026, 7:00 AM IST

देश में कई राज्यों में बुधवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. दिल्ली-एनसीआर में भी कई घंटे तक हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई. अब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 जुलाई के लिए भी कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. हालांकि, विभाग का कहना है कि 9 जुलाई के बाद मध्य भारत में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों में मॉनसून सक्रिय बना रहेगा. साथ ही, अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने तथा पूरे देश को कवर करने की परिस्थितियां अनुकूल हैं. 

9 जुलाई को इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने कहा है कि 9 जुलाई को सबसे ज्‍यादा सतर्कता उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बरतने की जरूरत होगी. मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. 

पश्चिम से पूर्वोत्तर तक सक्रिय रहेगा मॉनसून

मौसम विभाग के मुताबिक, आज पश्चिमी भारत में कोंकण-गोवा, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रहेगी. दक्षिण भारत में तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. 

पूर्वोत्तर भारत में असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मॉनसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी. कई राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है. 

मॉनसून सिस्टम क्या कह रहा है?

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के बाद उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ेगा. इसी सिस्टम के प्रभाव से उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश बनी रहेगी. वहीं, समुद्र तल पर सक्रिय मॉनसूनी ट्रफ और अन्य मौसमी प्रणालियां भी बारिश को समर्थन दे रही हैं. हालांकि, विभाग ने साफ किया है कि 9 जुलाई के बाद मध्य भारत में बारिश की तीव्रता में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है. 

दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में 9 जुलाई को पूरे दिन बादल छाए रहने का अनुमान है. सुबह और दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से कम रहेगा. 10 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी और तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है. 11 जुलाई को भी बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं. 

मौसम विभाग की किसानों को जरूरी सलाह

किसानों के लिए सलाह है कि जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां फिलहाल सिंचाई रोक दें और खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था रखें. कटी हुई उपज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित स्थान पर रखें. 

सब्जियों, धान की नर्सरी और बागवानी फसलों में जलभराव न होने दें. तेज हवा की आशंका वाले क्षेत्रों में फलदार पौधों और सब्जी फसलों को सहारा दें और पशुओं को सुरक्षित शेड में रखें, ताकि बारिश और तेज हवाओं से नुकसान कम हो सके. 

MORE NEWS

Read more!