मुंबई-ठाणे और रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट, IMD ने किसानों के लिए जारी की सलाह

मुंबई-ठाणे और रायगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट, IMD ने किसानों के लिए जारी की सलाह

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों के लिए भी जरूरी सलाह जारी की है.

भारी बारिश का रेड अलर्टभारी बारिश का रेड अलर्ट
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jul 06, 2026,
  • Updated Jul 06, 2026, 1:40 PM IST

मुंबई और आसपास के इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और खराब मौसम की चेतावनी दी है. ऐसे में लोगों और किसानों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है. IMD के अनुसार, पहले इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए इसे बढ़ाकर रेड अलर्ट कर दिया गया. विभाग ने बताया कि कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, पालघर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, यहां भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है.

जलभराव और बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार तेज बारिश के कारण निचले इलाकों और शहरी क्षेत्रों में जलभराव हो सकता है. कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की भी आशंका है. नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है, जिससे सड़कें और छोटे पुल पानी में डूब सकते हैं. इसके अलावा, कमजोर पेड़ों के गिरने, पुरानी इमारतों को नुकसान पहुंचने और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने का भी खतरा जताया गया है.

किसानों के लिए जारी की गई सलाह

मौसम विभाग ने किसानों से कहा है कि यदि फसल तैयार है तो उसकी जल्द से जल्द कटाई कर लें. यदि कटाई के बाद मड़ाई पूरी नहीं हो पाई है, तो फसल को अच्छी तरह ढककर सुरक्षित रखें. इसके अलावा किसानों को फिलहाल सिंचाई और रासायनिक दवाओं का छिड़काव नहीं करने की सलाह दी गई है. खेतों में जमा अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करने और आंधी-तूफान के दौरान मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की भी अपील की गई है.

बिजली-पानी की सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित

IMD के अनुसार, खराब मौसम का असर सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाओं पर पड़ सकता है. भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण ट्रैफिक बाधित हो सकता है. इसके साथ ही बिजली और पानी जैसी जरूरी सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका है. कोंकण तट पर समुद्र भी उफान पर रह सकता है, इसलिए मछुआरों और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

BMC ने तैनात किए 15 हजार कर्मचारी

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए शहरभर में करीब 15,000 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं. वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहे हैं. BMC ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और पेड़ों, जर्जर इमारतों, बिजली के खंभों और बड़े होर्डिंग्स से दूरी बनाए रखें.

लोगों को अफवाहों से बचने की अपील

प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल IMD, BMC और सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें. किसी भी आपात स्थिति में लोग BMC हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं. वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रह सकता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है. (PTI)

MORE NEWS

Read more!