
बिहार के हाजीपुर में छठ महापर्व से ठीक पहले केले की मंडी में बड़ा संकट खड़ा हो गया है. जिस केले के बिना छठ का प्रसाद अधूरा माना जाता है, वही केला मंडी में सड़कर बर्बाद हो रहा है. बाढ़ और चक्रवात की दोहरी मार से कारोबारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है.
छठ में केले का खास महत्व है. छठी मैया को चढ़ने वाले प्रसाद में केला सबसे प्रमुख फलों में शामिल है. लेकिन इस बार छठ से ठीक पहले हाजीपुर की केला मंडी की तस्वीर अलग है.
विश्व प्रसिद्ध हाजीपुर का केला इस बार बाढ़ की भेंट चढ़ गया. खेतों में फसल खराब होने से स्थानीय केले की भारी कमी हो गई. ऐसे में व्यापारियों को आंध्र प्रदेश समेत दूसरे राज्यों से केला मंगाना पड़ा.
व्यापारियों के मुताबिक बाहर से मंगाया गया केला भी नुकसान का सौदा साबित हुआ. माल समय से पहले मंडी पहुंच गया और चक्रवात की वजह से रास्ते में तीन दिन तक गाड़ियां फंसी रहीं. नतीजा यह हुआ कि मंडी पहुंचते-पहुंचते केला पक गया और अब सड़ रहा है.
मंडी में सैकड़ों घौद केले पीले पड़ चुके हैं और कोई खरीदार इन्हें लेने को तैयार नहीं है. छठ पूजा के लिए लोग अच्छे और ताजे केले मांग रहे हैं, जबकि व्यापारियों के पास खराब होता माल बचा है.
व्यापारियों का कहना है कि बाहर से मंगाया गया केला करीब 35 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा गया था, लेकिन खराब होने से अब लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है. चक्रवात से आपूर्ति भी प्रभावित हुई है. जरूरत के मुकाबले करीब 50 गाड़ियां कम माल मंडी पहुंचा है. जो 20 गाड़ियां आईं, उनमें से भी ज्यादातर माल खराब हो रहा है.
अगर बाजार में केले की आवक कम रही और मांग बढ़ती गई, तो छठ के मौके पर आम लोगों को केला खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. अब देखना होगा कि छठ तक मंडी में आपूर्ति सामान्य होती है या केले की कीमतें लोगों का बजट बिगाड़ती हैं.(विकास कुमार का इनपुट)