
अगस्त महीने के दौरान चीनी की खुदरा कीमतों में तेजी से उछाल आया था, जिसके बाद आने वाले त्योहारी सीजन से पहले महंगाई पर इसके असर को लेकर चिंता बढ़ रही थी. इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. सीएम योगी के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग आमजन को मात्र 52 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध करा रहा है. उपभोक्ता लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में स्थित चीनी निगम/सहकारी चीनी मिल संघ के चीनी विक्रय केन्द्र से उक्त दर पर चीनी खरीद का लाभ उठा सकते हैं.
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 1 और 2 किलो के पैकेट 52 और 102 रुपये में मिलेगा. वहीं, 5 किलो, 50 किलो के पैकेट का मूल्य 250 व 2500 रुपये रखा गया है. चीनी की यह विशेष बिक्री प्रत्येक कार्यदिवस में नियमित रूप से संचालित होगी. आम नागरिक सुबह 10 से शाम 5 बजे तक गन्ना किसान संस्थान परिसर में चीनी बिक्री केंद्र पर जाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
बिक्री केंद्र पर उपभोक्ताओं की सुविधा और सुगम खरीदारी के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं.उपभोक्ता अपनी दैनिक आवश्यकता के अनुसार चीनी की खरीदारी कर सकते हैं. गन्ना विकास विभाग ने राजधानी के नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनोपयोगी व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.
चीनी की कथित कमी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में हर महीने करीब 4 लाख टन चीनी की खपत होती है, जबकि वर्तमान में करीब 28 लाख टन का भंडार उपलब्ध है. सीएम योगी ने कहा कि 15 अक्टूबर से चीनी मिलों के दोबारा शुरू होने के बाद उत्पादन और बढ़ेगा और करीब 90 लाख टन चीनी उपलब्ध हो जाएगी.
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में चीनी का औसत खुदरा भाव 64.24 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया. एक सप्ताह पहले यह औसत कीमत 63.12 रुपये प्रति किलो थी, यानी सात दिनों में 1.77 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. चीनी की मौजूदा कीमतों में पिछले एक महीने और पिछले साल की तुलना में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ें-
गन्ना किसानों को लेकर बोले CM योगी- यूपी में 122 चीनी मिलें चल रहीं, 9 साल में 1 भी बंद नहीं हुई