
सरकार ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. अब देश के किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन के लिए न तो बैंकों के चक्कर काटने पड़ेंगे और न ही लंबी लाइन में लगकर कागजी प्रक्रिया से गुजरना होगा. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से सदन में दी गई जानकारी के अनुसार, अब फार्मर ID की मदद से किसानों कुछ ही मिनट में बिना किसी दस्तावेज के KCC लोन मिल जाएगा. यानी अब किसानों को लोन देने में बैंक वाले आनाकानी नहीं कर सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि डिजिटल फार्मर आईडी में किसानों की पूरी जानकारी पहले से ही दर्ज रहेगी. इसी डेटा के आधार पर बैंकों और संबंधित एजेंसियों कि ओर से लोन की प्रक्रिया को बेहद आसान और तेज बनाया गया है.
फार्मर आईडी (किसान आईडी) एक खास पहचान नंबर होता है, जो हर किसान को दिया जाता है। यह नंबर किसान के आधार कार्ड और जमीन के रिकॉर्ड से जुड़ा होता है. सरकार इसे AgriStack योजना के तहत बना रही है, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं जैसे पीएम-किसान और फसल बीमा का फायदा आसानी से और सीधे उनके खाते में मिल सके. इसके अलावा बैंक और सरकारी विभागों को किसान की पूरी जानकारी एक ही जगह पर मिल सके.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि Digital Agriculture Mission के तहत अब तक लगभग 9 करोड़ Farmer ID तैयार की जा चुकी हैं. किसान के पास किसान–आईडी होने पर बैंक में लोन स्वीकृत होने में “एक मिनट” से ज़्यादा नहीं लगना चाहिए, क्योंकि उसकी पूरी प्रोफाइल, जमीन, फसल और लेनदेन का डेटा डिजिटल रूप से उपलब्ध होगा. पहले किसान को बैंक के चक्कर काटने पड़ते थे, फाइलों–कागज़ों में पैसा और समय दोनों खर्च होते थे, लेकिन अब यह बाधा डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाई जा रही है. उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे और एग्री–स्टैक डेटा के उपयोग से PM–Kisan से लेकर MSP खरीद तक हर योजना में किसानों को लाभ मिलेगा.
पहले किसानों को लोन लेने के लिए कई तरह के दस्तावेज जमा करने पड़ते थे और प्रक्रियाएं लंबी होती थी. लेकिन अब फार्मर ID के जरिए, किसान की पहचान तुरंत हो जाती है. इसके अलावा जमीन और फसल की जानकारी आसानी से मिल जाती है, वहीं, कागजी काम कम हो जाता है, जिससे लोन जल्दी मंजूर हो जाता है.
इस नई व्यवस्था से किसानों को कई फायदे मिलेंगे, जैसे, समय पर खेती के लिए पैसा मिल सकेगा, बैंक के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे, पारदर्शिता बढ़ेगी, छोटे और सीमांत किसानों को भी आसानी से लोन मिलेगा.
सरकार का मकसद है कि किसानों को बिना परेशानी के सस्ता और समय पर कर्ज मिले, ताकि वे खेती में निवेश कर सकें और अपनी आमदनी बढ़ा सकें. कुल मिलाकर, फार्मर ID और KCC का यह जुड़ाव किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है और खेती को और आसान बनाने की दिशा में एक अहम कदम है.
Frequently Asked Questions (FAQs)
1. फार्मर आईडी क्या है?
फार्मर आईडी एक डिजिटल पहचान है, जिसमें किसान की जमीन, फसल, बैंक और व्यक्तिगत जानकारी दर्ज होती है. इसके जरिए सरकारी योजनाओं और लोन का लाभ आसानी से मिलता है.
2. क्या सच में बिना दस्तावेज KCC लोन मिलेगा?
हां, फार्मर आईडी के माध्यम से किसान की सभी जानकारी पहले से उपलब्ध रहती है, इसलिए अलग से दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
3. KCC लोन कितने समय में मिलेगा?
नई व्यवस्था के तहत किसानों को कुछ ही मिनटों के भीतर KCC लोन स्वीकृत किया जा सकता है.
4. इस योजना का लाभ किन किसानों को मिलेगा?
शुरुआत में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जा रही है, लेकिन धीरे-धीरे सभी किसानों को इससे जोड़ा जाएगा.
5. क्या इस योजना से बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी?
हां, डिजिटल सिस्टम के कारण किसान सीधे बैंक और सरकार से जुड़े रहेंगे, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी.