
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) के तहत पात्र किसान परिवारों को 6 हजार रुपये की सालाना धनराशि तीन समान किस्तों में उनके आधार आधारित बैंक खाते में सीधे भेजी जाती है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संचालन के लिए केंद्र सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश के लगभग 16,56,252 किसान परिवारों की सूचनाओं में कमी पाए जाने के कारण किस्तों के भुगतान पर अस्थायी रोक लगाई गयी है. कृषि विभाग द्वारा ऐसे प्रकरणों के सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में उन किसान की सहभागिता अनिवार्य है, जिनके डाटा मिलान के दौरान कुछ कमियां सामने आई है, जिन्हें दूर करना आवश्यक है ताकि केवल पात्र किसानों को ही योजना का लाभ मिल सके.
केंद्र सरकार द्वारा किसानों के भुगतान पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गयी है उनका कारण इस प्रकार से है.
1- वरासत संबन्धी त्रुटियां वरासत (उत्तराधिकार) के माध्यम से जिन किसानों को भूमि प्राप्त हुई है, उन किसान भाईयों द्वारा पंजीकरण के समय पूर्व भू-धारक (मृतक किसान) का सही विवरण दर्ज नहीं कराया गया है, जिस कारण उनके भुगतान पर अस्थायी रोक लगाई गयी है. प्रदेश में ऐसे कुल प्रकरण 11,13,169 है.
2- एक ही भूमि पर पूर्व एव वर्तमान भू-स्वामी द्वारा योजना का लाभ प्राप्त करना एक ही भूमिखण्ड (खाता/खसरा स०) पर वर्तमान भू धारक के साथ साथ पिछले भूमि स्वामी/मालिक का योजनान्तर्गत पंजीकृत होने के कारण दोनों के भुगतान पर अस्थायी रोक लगाई गयी है. प्रदेश में ऐसे कुल प्रकरण 2,62,365 है.
3- 1 फरवरी 2019 के बाद प्राप्त भूमि का अपूर्ण विवरण ऐसे लाभार्थी किसान जिनके द्वारा कृषि योग्य भूमि 1 फरवरी 2019 के बाद प्राप्त की गयी है, का विवरण पंजीकरण के समय नहीं दिया गया है. उनके भुगतान पर भी अस्थायी रोक लगाई गयी है. प्रदेश में ऐसे कुल प्रकरण-2,80,718 है.
1- उक्त श्रेणियों के अन्तर्गत आने वाले किसान जिनके भुगतान पर अस्थायी रोक लगाई गयी है, वे समस्त किसान सबसे पहले अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री को पूर्ण करा ले, उसके बाद पीएम किसान पोर्टल एचटीटीपीएस:https://pmkisan.gov.in/SearchBeneficiary इन्फॉर्मेशन अपडेट.एसपीएस पर उपलब्ध "अपडेट मिसिंग इनफॉरमेशन" (अपडेट मिसिंग इनफॉर्मेशन) के अन्तर्गत स्वयं अथवा नजदीकी जनसेवा केन्द्र के माध्यम से सूचनाएं एवं वांछित दस्तावेजों को अपलोड करा सके.
2- अपडेट मिसिंग इनफॉरमेशन के अन्तर्गत किसानों के द्वारा वांछित दस्तावेज अपलोड कराते समय यह विशेष ध्यान दिया जाये कि अभिलेख स्पष्ट, त्रुटिहीन एवं पठनीय हो, ताकि सत्यापनकर्ता द्वारा स्पष्ट अभिलेखों के अभाव में आपके आवेदन को अस्वीकृत न किया जाये.
3- आप द्वारा गलत सूचना अथवा अपठनीय/अस्पष्ट दस्तावेज अपलोड किये जाने पर यदि सत्यापनकर्ता द्वारा अस्वीकृत किया जाता है, तो इसे सही करने का पुन अवसर आपको नहीं प्राप्त होगा. इसलिए सावधानीपूर्वक सही सूचना एवं वांछित पठनीय दस्तावेज ही अपलोड करायें.
4- किसानों को यह भी अवगत कराना है कि यदि आप द्वारा निर्धारित समयावधि के अन्तर्गत अपडेशन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं की जाती है, तो केंद्र सरकार द्वारा अवशेष प्रकरणों को पोर्टल से हटा दिया जायेगा, और भविष्य में आपको प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त नहीं हो सकेगा.
दरअसल, बहुत से किसान योजना की 23वीं किस्त जारी होने के इंतजार में है. हर बार पर किस्तें 4 महीने के गैप पर आती हैं. इसी हिसाब से 23वीं किस्त का पैसा जून या जुलाई 2026 के महीने में जारी किया जा सकता है. हालांकि सरकार ने अभी तक किसी सटीक तारीख का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. किसानों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी फर्जी वेबसाइट या कॉल के झांसे में न आएं और केवल सरकारी पोर्टल से ही जानकारी लें.
(विस्तृत जानकारी के लिए क्षेत्रीय कृषि विभाग के कार्मिकों अथवा जनपदीय उप कृषि निदेशक कार्यालय से सम्पर्क करें)
ये भी पढ़ें-
IMD Alert: कहीं आंधी-बारिश तो कहीं बढ़ेगा तापमान, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम