
देश में लोगों की सेहत सुधारने और पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने के लिए “सेहत मिशन” की शुरुआत की गई है. SEHAT का पूरा नाम “Science Excellence for Health through Agricultural Transformation” है. इस मिशन का मकसद खेती, पोषण और स्वास्थ्य को एक साथ जोड़कर लोगों को बेहतर जीवन देना है. इस मिशन को Indian Council of Agricultural Research और Indian Council of Medical Research मिलकर चला रहे हैं.
सरकार का मानना है कि खेती केवल अनाज उगाने का काम नहीं करती, बल्कि यह लोगों की सेहत से भी जुड़ी है. इसी सोच के साथ यह मिशन शुरू किया गया है. इस योजना में खेत से लेकर खाने की थाली और फिर लोगों की सेहत तक पूरा ध्यान रखा जाएगा.
मिशन के तहत ऐसे अनाज, फल, सब्जियां और दूसरी चीजों को बढ़ावा दिया जाएगा जिनमें ज्यादा पोषण हो. इससे लोगों को अच्छा भोजन मिलेगा और शरीर मजबूत होगा.
सेहत मिशन के तहत आयरन, जिंक और विटामिन से भरपूर फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा. इसके साथ ही दूध, मछली और पशुपालन से जुड़े पौष्टिक उत्पादों पर भी ध्यान दिया जाएगा. सरकार का कहना है कि इससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को बेहतर पोषण मिल सकेगा.
यह मिशन केवल भूख मिटाने के लिए नहीं, बल्कि बीमारियों को कम करने के लिए भी शुरू किया गया है. आजकल कई लोग डायबिटीज, मोटापा, ब्लड प्रेशर और कमजोरी जैसी समस्याओं से परेशान हैं. ऐसे में मिशन के जरिए हेल्दी और कम नुकसान वाले खाद्य पदार्थ तैयार किए जाएंगे.
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर लोग सही खाना खाएंगे तो कई बीमारियों से बचा जा सकता है. यही वजह है कि इस मिशन में भोजन और स्वास्थ्य दोनों को साथ लेकर काम किया जाएगा.
सेहत मिशन में किसानों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर भी जोर दिया गया है. खेती के दौरान कीटनाशकों के कम इस्तेमाल, सुरक्षित खेती और मौसम के अनुसार खेती करने के तरीकों को बढ़ावा दिया जाएगा. इससे किसानों की सेहत भी बेहतर रहेगी.
सरकार का कहना है कि इस मिशन से देश में कुपोषण कम होगा, लोगों को बेहतर पोषण मिलेगा और स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च भी घटेगा. साथ ही किसानों की आमदनी और जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में शुरू हुआ यह मिशन खेती को सेहत से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें:
ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई से बदलेगी खेती, किसानों को 90% तक सब्सिडी दे रही सरकार
Paddy Farming: कम पानी में भी बंपर उपज देगी धान की ये बेस्ट किस्म, खेती के लिए यहां से खरीदें बीज