तमिलनाडु चुनाव 2026: विजय की TVK की दमदार एंट्री, घोषणापत्र के वादों ने दिलाई जीत

तमिलनाडु चुनाव 2026: विजय की TVK की दमदार एंट्री, घोषणापत्र के वादों ने दिलाई जीत

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) ने मजबूत शुरुआत की है. महिलाओं की आर्थिक मदद, मुफ्त गैस सिलेंडर, किसानों की कर्ज माफी और धान‑गन्ने के लिए बढ़ा हुआ MSP जैसे वादों वाला घोषणापत्र मतदाताओं को आकर्षित करता दिख रहा है.

Actor VijayActor Vijay
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • May 04, 2026,
  • Updated May 04, 2026, 4:22 PM IST

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में तमिल फिल्म अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) चर्चा के केंद्र में आ गई है. चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों से संकेत मिल रहे हैं कि पहली बार चुनाव लड़ रही TVK ने मजबूत शुरुआत की है. विशेषज्ञों का मानना है कि पार्टी के घोषणापत्र में किए गए बड़े‑बड़े वादों ने मतदाताओं को खासा प्रभावित किया है. TVK का घोषणापत्र सामाजिक कल्याण, रोजगार और खास तौर पर किसानों के मुद्दों पर केंद्रित रहा, जिसने चुनावी माहौल को नई दिशा दी.

महिलाओं और परिवारों के लिए बड़े वादे

पार्टी प्रमुख विजय ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं और आम परिवारों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं. इनमें 60 साल से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता, शादी के लिए 8 ग्राम सोना, हर परिवार को साल में छह मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा शामिल है.

किसानों के लिए राहत पैकेज

TVK के घोषणापत्र में किसानों के कल्याण पर विशेष जोर दिया गया है. पार्टी ने वादा किया है कि:

  • 5 एकड़ से कम जमीन वाले किसानों के कृषि सहकारी समितियों से लिए गए सभी फसली कर्ज पूरी तरह माफ किए जाएंगे.
  • 5 एकड़ से ज्यादा जमीन वाले किसानों को फसली कर्ज में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी.
  • धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दिया जाएगा.
  • नारियल उगाने वाले किसानों के लिए कोपरा पर रेट स्टेबलाइजेशन स्कीम लागू की जाएगी, जिससे किसानों को बेहतर दाम मिल सकें.

सीधी आर्थिक मदद और सुरक्षा

घोषणापत्र में बटाईदार किसानों और खेतिहर मजदूरों के लिए सालाना 10,000 रुपये की सीधी आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है. इसके अलावा 5 लाख मुफ्त सोलर पंप सेट और 100 प्रतिशत फसल बीमा कवरेज का भी वादा किया गया है.

वादों से मिली जीत

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि TVK के ये वादे खासतौर पर किसानों, महिलाओं और ग्रामीण मतदाताओं को आकर्षित कर रहे हैं. यही वजह है कि चुनाव 2026 की मतगणना में पार्टी की मजबूत मौजूदगी देखने को मिल रही है. विजय की यह पहली राजनीतिक परीक्षा मानी जा रही है, और शुरुआती रुझान साफ संकेत दे रहे हैं कि उनकी पार्टी ने तमिलनाडु की राजनीति में अपनी जगह बनाने की ठोस शुरुआत कर दी है.

MORE NEWS

Read more!