पंजाब में किसानों के मुद्दों पर सक्रिय हुआ SKM, राज्यपाल को ज्ञापन देकर उठाई ये मांगें

पंजाब में किसानों के मुद्दों पर सक्रिय हुआ SKM, राज्यपाल को ज्ञापन देकर उठाई ये मांगें

पंजाब में संयुक्त किसान मोर्चा ने राज्यपाल और चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन सौंपकर किसानों से जुड़े मुद्दे उठाए. प्रतिनिधिमंडल ने MSP की कानूनी गारंटी, किसानों और कृषि मजदूरों के कर्ज राहत, जल संरक्षण, फसल बीमा, भूमि अधिग्रहण और किसान आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेने की मांग की.

SKM Delegation Meet Punjab GovernorSKM Delegation Meet Punjab Governor
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Jun 19, 2026,
  • Updated Jun 19, 2026, 8:00 PM IST

किसानों से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (पंजाब) ने शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने लोक भवन में राज्यपाल को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर कृषि क्षेत्र से जुड़े कई अहम मामलों में हस्तक्षेप की मांग की. किसान संगठनों ने बातचीत के दौरान फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी को प्रमुख मांग के रूप में रखा. इसके साथ किसानों और कृषि मजदूरों के लिए कर्ज राहत की जरूरत पर भी जोर दिया गया. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और आर्थिक दबाव के बीच राहत संबंधी कदम जरूरी हैं.

पानी, बीमा और जमीन अधिग्रहण के मुद्दे भी उठे

ज्ञापन में जल संरक्षण को कृषि के भविष्य से जुड़ा विषय बताते हुए संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की मांग की गई. इसके अलावा फसल बीमा व्यवस्था को मजबूत करने, भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की समीक्षा करने और किसान आंदोलनों से जुड़े मामलों को वापस लेने की मांग भी रखी गई.

राज्यपाल ने समाधान आधारित प्रस्ताव मांगा

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि किसानों की ओर से उठाए गए मुद्दों को पंजाब सरकार और केंद्र सरकार के समक्ष रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि पंजाब की कृषि, जल संसाधन और किसानों की आजीविका से जुड़े विषय गंभीरता से विचार किए जाने योग्य हैं. उन्होंने किसान संगठनों से कहा कि वे मांगों के साथ व्यावहारिक और दीर्घकालिक समाधान वाला विस्तृत प्रस्ताव भी दें ताकि मामलों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके.

चंडीगढ़ में दर्ज मामलों पर भी दी जानकारी

बैठक के दौरान राज्यपाल ने बताया कि किसान नेताओं के खिलाफ चंडीगढ़ में दर्ज एफआईआर वापस लेने से जुड़ा प्रस्ताव पहले ही भारत के राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है और संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.

SKM ने जताया आभार

संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल द्वारा उनकी बात सुनने और संबंधित सरकारों तक मुद्दे पहुंचाने के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया. संगठन ने उम्मीद जताई कि किसानों से जुड़े विषयों पर आगे ठोस पहल देखने को मिलेगी. (एएनआई)

MORE NEWS

Read more!