CM सैनी का बड़ा वादा, बोले- पंजाब में BJP सरकार बनने पर सभी फसलों की MSP पर होगी खरीद

CM सैनी का बड़ा वादा, बोले- पंजाब में BJP सरकार बनने पर सभी फसलों की MSP पर होगी खरीद

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के किसानों से बड़ा चुनावी वादा किया है. उन्होंने कहा कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार बनती है, तो किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जाएंगी.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनीमुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Aug 03, 2026,
  • Updated Aug 03, 2026, 4:37 PM IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के किसानों से बड़ा वादा किया है. उन्होंने कहा कि अगर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब में भारतीय जनता पार्टी यानी BJP की सरकार बनती है, तो राज्य के किसानों की हर फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जाएगी. इसके साथ ही हरियाणा की तरह 'भावंतर भरपाई योजना' भी पंजाब में लागू की जाएगी, ताकि किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम मिल सके. दरअसल, नायब सिंह सैनी रविवार को पंजाब के कोटकपूरा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का हिस्सा था.

किसानों से किया बड़ा वादा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने किसानों से वादा किया था कि राज्य की सभी फसलें MSP पर खरीदी जाएंगी. चुनाव जीतने के बाद सरकार ने इस वादे को पूरा भी किया. उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में बीजेपी की सरकार बनती है, तो यहां भी किसानों से सभी फसलों की खरीद MSP पर की जाएगी. जिससे किसानों को अपनी उपज का सही मूल्य मिलेगा और उन्हें बाजार में कम कीमत मिलने की चिंता नहीं रहेगी.

भावंतर भरपाई योजना भी होगी लागू

CM सैनी ने कहा कि पंजाब में हरियाणा की भावंतर भरपाई योजना भी लागू की जाएगी. इस योजना के तहत यदि किसानों को बाजार में उनकी फसल का भाव तय सुरक्षित कीमत से कम मिलता है, तो सरकार उस अंतर की भरपाई करती है. उन्होंने बताया कि हरियाणा में यह योजना वर्ष 2018 से लागू है और इसके तहत बागवानी की 21 फसलों को शामिल किया गया है. उनका दावा है कि इस योजना से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिली है और फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित हुआ है.

किसानों को मजबूत बनाने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि पंजाब में भी हरियाणा की तर्ज पर ऐसी नीतियां लागू की जाएंगी, जिनसे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. सीएम सैनी ने कहा कि पंजाब कृषि प्रधान राज्य है और यहां के किसानों की तरक्की राज्य के विकास के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य, सरकारी खरीद और योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए.

युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

मुख्यमंत्री सैनी ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें. उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है. उन्होंने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, तो युवाओं को स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त बनाना होगा. इसी उद्देश्य से हरियाणा में राहगिरी, साइक्लोथॉन और मैराथन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा खेल और स्वास्थ्य से जुड़ें.

कांग्रेस पर भी लगाए आरोप

CM सैनी ने कहा कि पंजाब की मौजूदा AAP सरकार और इससे पहले की कांग्रेस सरकारों ने भी किसानों और युवाओं से कई बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि किसानों और युवाओं के हित में ऐसी सरकार बने जो अपने वादों को जमीन पर उतारे. सीएम सैनी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना, युवाओं को रोजगार देना और नशे से मुक्त समाज बनाना ही विकसित भारत की दिशा में सबसे बड़ा कदम होगा. (PTI)

MORE NEWS

Read more!