
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को किसान संगठनों की ओर से एक बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है. यह रैली नई दिल्ली स्थित किसान घाट पर होगी, जिसमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से हजारों किसानों के शामिल होने की संभावना है. रैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस का कहना है कि सुबह 8:30 बजे से जरूरत के अनुसार कई जगहों पर यातायात प्रतिबंध और मार्गों का डायवर्जन किया जा सकता है. ऐसे में अगर आप आज दिल्ली में यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार किसान घाट के आसपास कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. इनमें सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड और इनसे जुड़े आसपास के इलाके शामिल हैं. रैली के दौरान इन मार्गों पर भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है. इसलिए आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे इन रास्तों से बचें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें.
यदि आपको आज दिल्ली एयरपोर्ट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन या किसी अन्य रेलवे स्टेशन जाना है, तो समय से पहले घर से निकलें. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि रैली के कारण कई जगहों पर वाहनों की गति धीमी हो सकती है और जाम लग सकता है. ऐसे में अंतिम समय पर निकलने से आपकी ट्रेन या फ्लाइट छूट सकती है. इसलिए यात्रा की योजना पहले से बनाना ही बेहतर रहेगा.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें. साथ ही, रीयल-टाइम ट्रैफिक की जानकारी के लिए गूगल मैप्स या अन्य नेविगेशन ऐप का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है. पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही शहर में यातायात को सुचारु और सुरक्षित रखा जा सकता है.
इस रैली का आह्वान किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने किया है. उन्होंने देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले किसान घाट पर मेगा रैली आयोजित करने की घोषणा की थी. किसान संगठनों का कहना है कि इस रैली में शामिल होने के लिए पंजाब से सैकड़ों बसों के जरिए हजारों किसान दिल्ली पहुंचेंगे. प्रदर्शन में हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के किसान भी शामिल होंगे.
किसान मजदूर मोर्चा (KMM), संयुक्त किसान मोर्चा (SKM), भारतीय किसान यूनियन (एकता संघर्ष) और कई अन्य किसान संगठन इस रैली के जरिए भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) का विरोध कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि यदि यह समझौता मौजूदा स्वरूप में लागू हुआ तो इसका सीधा असर भारतीय कृषि और किसानों की आय पर पड़ सकता है. उनका मानना है कि इससे विदेशी कृषि उत्पादों की भारत में एंट्री आसान होगी, जिससे घरेलू किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है.
किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने देशभर के किसानों, मजदूरों और युवाओं से इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. आयोजकों के अनुसार, किसान घाट पर शुरू होने वाला यह प्रदर्शन शाम 4 बजे तक चलेगा. इसी वजह से दिनभर दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है. ऐसे में यदि आपका इन क्षेत्रों से होकर गुजरने का कार्यक्रम है, तो पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाना आपके लिए सुविधाजनक रहेगा.
ये भी पढ़ें:
बाढ़ हो या सूखा किसानों को नहीं होगी खेती में कोई दिक्कत, CM योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
रेज्ड बेड प्लांटर तकनीक से बदली सोयाबीन की किस्मत! किसान उपदेश शर्मा ने 3 बीघा में कमाया ₹1 लाख का शुद्ध मुनाफा