
शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार की रात निधन हो गया. आपको बता दें प्रकाश सिंह बादल का निधन 95 वर्ष की उम्र में हुआ है. सांस लेने में तकलीफ की वजह से उन्हें करीब एक सप्ताह पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन कल रात उन्होनें इस दुनिया को अलविदा कह दिया. प्रकाश सिंह बादल का जन्म आठ दिसंबर 1927 को पंजाब के छोटे से गांव अबुल खुराना के जाट सिख परिवार में हुआ था. प्रकाश सिंह बादल अपने बेबाक अंदाज के लिए भी काफी मशहूर थे.
जहां एक ओर उनकी राजनीति में रुचि थी, वहीं दूसरी ओर उन्हें खेती का भी शौक था. साल 2022 में प्रकाश सिंह बादल ने अपनी ड्रैगन फ्रूट की खेती को लेकर खूब सुर्खियां बटोरी थीं. उनके ड्रैगन फ्रूट की चर्चा पूरे पंजाब में होने लगी थी.
शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के ड्रैगन फ्रूट की खेती करने वाली बात ने सबको हैरान कर दिया था. ड्रैगन फ्रूट की खेती में उनकी दिलचस्पी इस हद तक बढ़ गई थी कि वह इसकी खेती की जानकारी लेने के लिए थुल्लेवाल गांव स्थित औलख ड्रैगन फार्म पहुंच गए थे. औलख ड्रैगन फ्रूट फार्म के निदेशक सतनाम सिंह ने बादल को बताया था कि वह पिछले चार साल से ड्रैगन फ्रूट की खेती कर रहे हैं. इससे न सिर्फ पानी की बचत होती है बल्कि फायदा भी होता है. उन्होंने बादल को बताया कि एक एकड़ में 500 खंभों पर ड्रैगन फ्रूट के 2000 पौधे लगाए गए हैं. बादल ने किसानों से गहन चर्चा के बाद यह फैसला लिया कि वह दो एकड़ में ड्रैगन फ्रूट की खेती शुरू करेंगे, जिसके बाद खेती को देखते हुए रकबा बढ़ाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: Parkash Singh Badal: प्रकाश सिंह बादल का निधन, पहली गैर कांग्रेसी सरकार में रहे थे कृषि मंत्री
प्रकाश सिंह बादल ने वर्ष 1947 में राजनीति के क्षेत्र में अपना कदम रखा था. लेकिन उन्होंने अपना पहला विधानसभा चुनाव वर्ष 1957 में जीता था. वहीं, 1969 में वह दोबारा विधानसभा चुनाव में जीत गए. इसके बाद वर्ष 1969-1970 तक उन्होंने सामुदायिक विकास, पंचायती राज, पशुपालन, डेरी आदि से संबंधित मंत्रालयों में कार्यकारी मंत्री के रूप में कार्य किया.
देश के पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के शासन काल में वह सांसद बने. उन्हें केन्द्रीय मंत्री के तौर पर कृषि और सिंचाई मंत्रालय का उत्तरदायित्व सौंपा गया था. वहीं इनका कार्यकाल 1 मार्च 2007 से 2017 तक रहा है. इसके अलावा, प्रकाश सिंह बादल पंजाब के सिख धर्म पर आधारित राजनैतिक दल शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष भी थे.