Bharat Agriculture Conference: WAVE Group के मॉडल से बढ़ी आलू किसानों की कमाई, मनप्रीत सिंह ने बताया आगे बढ़ने का प्‍लान

Bharat Agriculture Conference: WAVE Group के मॉडल से बढ़ी आलू किसानों की कमाई, मनप्रीत सिंह ने बताया आगे बढ़ने का प्‍लान

भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में WAVE Group के वाइस चेयरमैन मनप्रीत सिंह चड्ढा ने बताया कि कंपनी किसानों को प्रमाणित बीज, आधुनिक मशीनें और फसल की पहले से तय कीमत उपलब्ध करा रही है. साथ ही, आलू से पोटैटो फ्लेक्स और फ्रेंच फ्राइज बनाने के लिए प्रोसेसिंग का विस्तार किया जा रहा है, जिससे किसानों को बेहतर बाजार मिल सके.

Wave Group VC Manpreet SinghWave Group VC Manpreet Singh
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Nov 14, 2026,
  • Updated Nov 14, 2026, 11:47 AM IST

किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए खेती में सिर्फ उत्पादन बढ़ाना ही काफी नहीं है. फसल को बेहतर बाजार, सही कीमत और प्रोसेसिंग की सुविधा मिले, तभी खेती को मुनाफे का कारोबार बनाया जा सकता है. इसी दिशा में WAVE Group ने बेल्जियम की कंपनी एग्रिस्टो के साथ मिलकर आलू की खेती का ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिसमें किसानों को बेहतर बीज, आधुनिक मशीनें और खेती की तकनीक उपलब्ध कराने के साथ उनकी उपज की कीमत पहले से तय की जाती है. इस मॉडल से अब तक 850 से ज्यादा किसान जुड़ चुके हैं और करीब 5,700 एकड़ में आलू की खेती हो रही है. कंपनी के मुताबिक, इस पहल से आलू की औसत पैदावार 20 टन प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 35 टन तक पहुंच गई है. भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में WAVE Group के वाइस चेयरमैन मनप्रीत सिंह चड्ढा ने इस पहल के पीछे की कहानी साझा की. 

एक किसान के सवाल से शुरू हुई मॉडल बनाने की पहल

उन्होंने बताया कि करीब 10 साल पहले बिजनौर में किसानों के साथ हुई एक बैठक के दौरान उन्हें खेती की बदलती चुनौतियों को करीब से समझने का मौका मिला था. उस बैठक में चीनी मिलों के विस्तार पर चर्चा हो रही थी. इसी दौरान एक बुजुर्ग किसान ने सवाल उठाया कि खेती की जमीन लगातार छोटी होती जा रही है और युवा रोजगार की तलाश में शहरों की ओर जा रहे हैं. ऐसे में भविष्य में खेती कौन करेगा.

मनप्रीत सिंह चड्ढा के मुताबिक, किसान का यह सवाल उनके लिए खेती का एक नया मॉडल तैयार करने की प्रेरणा बना. उन्होंने कहा कि ऐसा सिस्टम बनाने की जरूरत थी, जिसमें किसानों को अपनी जमीन उपलब्ध करानी पड़े और खेती से जुड़ी दूसरी जिम्मेदारियां कंपनी संभाले. इसके लिए केवल फसल खरीदने और बेचने के बजाय उत्पादन से लेकर प्रोसेसिंग तक की पूरी व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया गया.

बीज से मशीन तक कंपनी कर रही निवेश

इस मॉडल में किसानों को खेती के अलग-अलग चरणों में तकनीकी और आर्थिक सहयोग दिया जाता है. कंपनी किसानों को प्रमाणित और बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराती है. इसके अलावा बुवाई, फसल प्रबंधन और खुदाई के लिए आधुनिक मशीनों की सुविधा भी दी जाती है.

मनप्रीत सिंह चड्ढा ने बताया कि कंपनी ने खेती से जुड़ी मशीनरी और तकनीक पर करीब 60 करोड़ रुपये का निवेश किया है. इसमें बुवाई से लेकर फसल की देखभाल और खुदाई तक इस्तेमाल होने वाली मशीनें शामिल हैं.

इस व्यवस्था का एक अहम हिस्सा फसल की कीमत पहले से तय करना है. इससे किसानों को बाजार में कीमतों के उतार-चढ़ाव का जोखिम कम करने में मदद मिलती है. कंपनी का उद्देश्य किसानों को उत्पादन के साथ-साथ उनकी उपज की बिक्री को लेकर भी भरोसा देना है.

पुराने आलू के बजाय हर बार नए प्रमाणित बीज पर जोर

आलू की खेती में बेहतर उत्पादन हासिल करने के लिए बीज की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. कंपनी किसानों को सामान्य आलू के बजाय विशेष किस्मों के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराती है.

मनप्रीत सिंह के मुताबिक, आलू की फसल से निकले कंदों को दोबारा बीज के रूप में इस्तेमाल करने के बजाय हर बार नए क्‍वालिटी वाले बीज लगाने पर जोर दिया जाता है. पुराने आलू को लगातार बीज के तौर पर इस्तेमाल करने से उसकी गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता प्रभावित हो सकती है.

इसके साथ ही खेतों की मिट्टी को बेहतर बनाने के लिए डीप सब-सॉयलिंग तकनीक अपनाई जा रही है. इस तकनीक में जमीन की गहराई तक मिट्टी को ढीला किया जाता है. जहां सामान्य खेती में दो से तीन फीट तक जुताई होती है, वहीं इस तकनीक में छह से सात फीट तक मिट्टी तैयार की जाती है. इससे मिट्टी की सख्त परत तोड़ने और खेतों में पानी के जमाव की समस्या कम करने में मदद मिलती है.

20 से बढ़कर 35 टन प्रति हेक्टेयर हुआ उत्पादन

मनप्रीत सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर फसल प्रबंधन का असर आलू की पैदावार पर भी दिखाई दिया है. उन्‍होंने ने बताया कि जब इस मॉडल की शुरुआत हुई थी, तब एक हेक्टेयर में औसतन करीब 20 टन आलू का उत्पादन होता था. अब यह बढ़कर लगभग 35 टन प्रति हेक्टेयर हो गया है. उन्होंने बताया कि कुछ किसान 42 से 45 टन प्रति हेक्टेयर तक पैदावार हासिल कर रहे हैं. इस तरह शुरुआती उत्पादन की तुलना में औसत पैदावार में करीब 75 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

आधुनिक मशीनों और बेहतर तकनीक के इस्तेमाल से खेती की लागत में कुछ इजाफा होता है, लेकिन उत्पादन बढ़ने से किसानों की कुल कमाई में सुधार होता है. इसके अलावा कंपनी की ओर से मशीनों, फसल प्रबंधन और कटाई से जुड़ी सुविधाएं मिलने के कारण किसानों पर निवेश का बोझ भी कम होता है.

मशीनों से खेती को मिल रहा सहारा

खेती में समय पर बुवाई और कटाई करना उत्पादन के लिहाज से काफी अहम होता है. हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि मजदूरों की उपलब्धता लगातार चुनौती बन रही है. ऐसे में आलू की बुवाई और खुदाई के लिए मशीनों का इस्तेमाल किसानों को समय पर काम पूरा करने में मदद कर रहा है.

कंपनी की ओर से उपलब्ध कराई जा रही मशीनरी से बड़े क्षेत्र में खेती के काम को कम समय में पूरा करना संभव हो रहा है. इससे मजदूरों पर निर्भरता कम करने और खेती के कामकाज को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलती है.

प्रोसेसिंग प्लांट से आलू को मिलेगा नया बाजार

इस मॉडल का दूसरा अहम हिस्सा आलू की प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन है. मनप्रीत सिंह चड्ढा ने बताया कि WAVE Group और बेल्जियम की एग्रिस्टो कंपनी के संयुक्त उद्यम एग्रिस्टो मासा के जरिए आलू की प्रोसेसिंग की जा रही है. कंपनी के फूड प्रोसेसिंग प्लांट में डिहाइड्रेटेड पोटैटो फ्लेक्स तैयार किए जाते हैं. इनका इस्तेमाल चिप्स, नमकीन और दूसरे खाद्य उत्पाद बनाने में होता है. इसके अलावा कंपनी फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज बनाने की इकाई शुरू करने की तैयारी भी कर रही है.

इससे आलू की प्रोसेसिंग के लिए नए अवसर तैयार होंगे और औद्योगिक इस्तेमाल के लिए इसकी मांग बढ़ाने में मदद मिलेगी. इस मॉडल में उत्पादन, खरीद और प्रोसेसिंग को एक साथ जोड़ने की कोशिश की गई है, ताकि किसानों को केवल कच्ची फसल बेचने तक सीमित न रहना पड़े. मनप्रीत सिंह चड्ढा के मुताबिक, खेती को किसानों के लिए बेहतर आमदनी का जरिया बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता वाले बीज, मशीनरी, सुनिश्चित खरीद और प्रोसेसिंग को एक साथ जोड़ना जरूरी है. WAVE Group की यह पहल इसी दिशा में काम कर रही है.

MORE NEWS

Read more!