
किसान तक (इंडिया टुडे ग्रुप) की ओर से 11 और 12 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' का आयोजन किया जा रहा है. यह दो दिन का अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन है, जिसकी थीम 'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' रखी गई है.
सम्मेलन की शुरुआत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे, जबकि समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे. कार्यक्रम में देशभर से करीब 2,000 किसान शामिल होंगे. इनके अलावा नीति निर्माता, कृषि वैज्ञानिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी हिस्सा लेंगे.
महिंद्रा ट्रैक्टर्स इस कार्यक्रम के प्रस्तुतकर्ता हैं और महाधन एग्रीटेक सह-प्रस्तुतकर्ता. कॉन्फ्रेंस का मकसद किसानों के अनुभवों को आधुनिक कृषि तकनीक, विज्ञान, सरकारी नीतियों और उद्योग जगत से जोड़ना है.
दो दिन के इस आयोजन में कई लोकगायक और कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे. इनमें दिल्ली के बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, प्रहलाद टिपानिया, चंदन तिवारी और रुद्र प्रताप रुद्र के नाम शामिल हैं.
मनोज तिवारी: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार, राजनेता और संगीत निर्देशक हैं. वे 18वीं लोकसभा के सदस्य हैं. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने करीब दस साल भोजपुरी गायक के रूप में काम किया. वे 2014, 2019 और 2024 में उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से बीजेपी उम्मीदवार बने और लगातार तीनों चुनाव जीते. 30 नवंबर 2016 से 2 जून 2020 तक वे दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष भी रहे.
प्रहलाद सिंह टिपानिया: मध्य प्रदेश के लोक गायक हैं, जो मालवी शैली में कबीर भजन गाते हैं. वे तंबूरा, खड़ताल, मंजीरा, ढोलक, हारमोनियम, टिमकी और वायलिन बजाने वाले साथियों के समूह के साथ प्रस्तुति देते हैं. उन्हें पद्मश्री सम्मान मिल चुका है.
चंदन तिवारी: बिहार की रहने वाली लोकगायिका हैं. वे भोजपुरी, मैथिली, मगही, अवधी, नागपुरी और हिंदी में गाती हैं. संगीत नाटक अकादमी का 'उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार' और बिहार सरकार का 'बिहार कला सम्मान' उन्हें मिल चुका है. उनकी पहचान मुख्य रूप से भोजपुरी गायन में है.
रुद्र प्रताप रुद्र: जाने-माने हिंदी कवि और वक्ता हैं, जो अपनी ओजस्वी कविताओं के लिए पहचाने जाते हैं. देशभक्ति, धर्म, सनातन संस्कृति और पौराणिक विषयों पर कविता पाठ के लिए वे सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं.
ये सभी कलाकार किसान तक के भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में शामिल होकर मंच की शोभा बढ़ाएंगे.