
भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में पहुंचे PM मोदी, किसानों को करेंगे संबोधित; 'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' पर होगा मंथन
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय 'भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' का आज 12 नवंबर को दूसरा और आखिरी दिन है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री सम्मेलन को संबोधित करेंगे और आत्मनिर्भर व विकसित भारत के निर्माण में किसानों की भूमिका पर अपना दृष्टिकोण साझा करेंगे। इस दौरान खेती-किसानी के भविष्य, कृषि क्षेत्र में नवाचार और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
इंडिया टुडे ग्रुप के कृषि समाचार मंच 'किसान तक' की ओर से आयोजित इस सम्मेलन की थीम 'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' रखी गई है। सम्मेलन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों, नई तकनीकों और किसानों की आय व समृद्धि से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा करना है। इसमें देशभर से करीब 2,000 किसान हिस्सा ले रहे हैं। इनके साथ नीति निर्माता, कृषि वैज्ञानिक, कृषि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी शामिल हो रहे हैं।
सम्मेलन के दूसरे दिन भी कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। दिल्ली से बीजेपी सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने अपनी लोकप्रिय प्रस्तुति 'हिंद के सितारा' गाकर समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कृषि क्षेत्र की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श जारी रहा।
सम्मेलन के पहले दिन 11 नवंबर को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कार्यक्रम में शिरकत की। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअल माध्यम से जुड़े और किसानों के साथ संवाद किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
दो दिवसीय सम्मेलन में कृषि क्षेत्र से जुड़े कई अहम विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें आधुनिक कृषि तकनीक, डिजिटल खेती, किसानों की आमदनी, कृषि में निवेश, जलवायु परिवर्तन और खेती को टिकाऊ बनाने जैसे मुद्दे प्रमुख हैं।
सम्मेलन में खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), प्रिसिजन फार्मिंग और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया जा रहा है। चर्चा का एक महत्वपूर्ण विषय यह है कि तकनीक के माध्यम से किसान पानी, खाद, बीज और दूसरे कृषि संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कैसे कर सकते हैं।
इसके अलावा बदलते मौसम के अनुकूल फसलों की किस्में विकसित करने, कृषि में नवाचार को बढ़ावा देने और किसानों को बाजार से बेहतर तरीके से जोड़ने जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है।
सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रगतिशील किसान अपनी सफलता की कहानियां और खेती में किए गए प्रयोग भी साझा कर रहे हैं। इसका उद्देश्य किसानों के अनुभवों को वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं और उद्योग जगत के साथ जोड़ना है, ताकि कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए जा सकें।
सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समापन संबोधन होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री 12 नवंबर को रात 8 बजे 'किसान @ 2047: विकसित भारत की फसल' सत्र को संबोधित करेंगे. इस दौरान वह वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में किसानों की भूमिका और कृषि क्षेत्र के भविष्य पर अपनी बात रखेंगे।
प्रधानमंत्री का यह संबोधन ऐसे समय हो रहा है, जब भारतीय कृषि के सामने उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में सुधार, जलवायु परिवर्तन से निपटने और खेती को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने जैसी कई चुनौतियां हैं। ऐसे में सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श कृषि क्षेत्र के लिए नई दिशा और संभावनाएं तलाशने का मंच बनेगा।
'स्मार्ट किसान, विकसित भारत' की थीम के साथ आयोजित यह सम्मेलन किसानों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति और विकास का प्रमुख भागीदार बनाने की सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।