
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में बैन एचटीबीटी (HTBT) कपास बीजों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. तलेगांव दशासर पुलिस और कृषि विभाग के जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चांदूर रेलवे तहसील के निमगव्हाण गांव स्थित एक खेत में छापा मारा. इस दौरान टीम ने करीब 7 लाख 12 हजार 800 रुपये कीमत के 432 पैकेट प्रतिबंधित बीज जब्त किए. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है.
बताया जा रहा है कि अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम को जिले में प्रतिबंधित और गैर-प्रमाणित एचटीबीटी कपास बीजों की बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर उन्होंने सभी पुलिस थानों को ऐसे अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद पुलिस और कृषि विभाग की टीमों ने निगरानी बढ़ाई और यह कार्रवाई की गई.
10 जून 2026 को तलेगांव दशासर पुलिस टीम गश्त कर रही थी. इसी दौरान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक किरण औटे को सूचना मिली कि शुभमसिंह बलजीतसिंह चौधरी (उम्र 21 वर्ष, निवासी धामणगांव रेलवे) ने निमगव्हाण गांव के एक खेत में प्रतिबंधित एचटीबीटी कपास बीज का अवैध स्टॉक छिपाकर रखा है. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की. टीम ने निमगव्हाण स्थित राजकुमार व्यंकटराव परबत के खेत में बने कमरे पर छापा मारा, जहां आरोपी मौके पर मौजूद मिला. तलाशी के दौरान कमरे से प्रतिबंधित एचटीबीटी कपास बीज के कुल 432 पैकेट बरामद किए गए.
जब्त किए गए बीजों में कोहिनूर ब्रांड के 56 पैकेट, ग्लायको गार्ड के 140 पैकेट, विराट ब्रांड के 155 पैकेट और महाराजा ब्रांड के 81 पैकेट शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक पैकेट की कीमत करीब 1,650 रुपये है. बरामद किए गए सभी बीजों की कुल कीमत 7 लाख 12 हजार 800 रुपये बताई गई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.
जब्त किए गए सभी बीजों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. कृषि अधिकारी और गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक रवी महादेवराव राणे की शिकायत के आधार पर तलेगांव दशासर थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड, एसडीपीओ अशोक थोरात, तकनीकी अधिकारी नितीन लोखंडे और कृषि विभाग के जिला अधीक्षक राहुल सातपुते के मार्गदर्शन में की गई. जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रमुख प्रवीण खर्चे और उनकी टीम ने भी इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
प्रशासन ने किसानों को चेतावनी देते हुए कहा है कि एचटीबीटी कपास बीज प्रतिबंधित हैं और इनकी बिक्री, भंडारण और खेती पर रोक है. अधिकारियों के अनुसार, ऐसे बीज पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. किसानों से अपील की गई है कि वे किसी भी लालच में आकर प्रतिबंधित बीजों की खरीद न करें और केवल प्रमाणित बीजों का ही उपयोग करें. यदि कोई व्यापारी या किसान प्रतिबंधित एचटीबीटी बीजों की बिक्री, भंडारण या खेती करते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.