Oilmeal Export: भारत के खली निर्यात को बड़ा झटका, 5 महीने में इतने प्रतिशत गिरा एक्‍सपोर्ट

Oilmeal Export: भारत के खली निर्यात को बड़ा झटका, 5 महीने में इतने प्रतिशत गिरा एक्‍सपोर्ट

भारत से अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान ऑयलमील का निर्यात 28.51% घटकर 12.82 लाख टन रह गया. ब्राजील और अर्जेंटीना से सस्ती आपूर्ति के कारण भारतीय सोयामील अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा नहीं कर पा रहा है.

oilmeal export falls in 5 five monthsoilmeal export falls in 5 five months
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 09, 2026,
  • Updated Nov 09, 2026, 4:21 PM IST

भारत से चालू वित्त वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में खली (ऑयलमील) के निर्यात में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. अप्रैल से अगस्त 2026 के दौरान देश का कुल ऑयलमील निर्यात 28.51 फीसदी घटकर 12.82 लाख टन रह गया. निर्यात में इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह खली की कमजोर विदेशी मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय उत्पाद की ऊंची कीमतें हैं. ब्राजील और अर्जेंटीना जैसे दक्षिण अमेरिकी देशों से सस्ती सप्‍लाई मिलने के कारण भारतीय निर्यातकों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है.

पांच महीने में 12.82 लाख टन रहा खली निर्यात

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) ने सोमवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान भारत ने कुल 12.82 लाख टन ऑयलमील का निर्यात किया. पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह आंकड़ा 17.93 लाख टन था. इस तरह सालाना आधार पर निर्यात में 28.51 फीसदी की गिरावट आई है. वित्त वर्ष 2025-26 में देश का कुल ऑयलमील निर्यात 37.68 लाख टन रहा था.

चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में सोयामील का निर्यात घटकर 2.05 लाख टन रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 7.57 लाख टन सोयामील का निर्यात हुआ था. यानी इसमें करीब 73 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. खली के कुल निर्यात में आई कमी की प्रमुख वजह सोयामील के शिपमेंट में आई यह गिरावट रही.

ब्राजील और अर्जेंटीना दे रहे टक्‍कर

SEA के मुताबिक, अगस्त 2026 में भारतीय सोयामील की कीमत करीब 622 डॉलर प्रति टन रही, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार के प्रमुख बेंचमार्क करीब 445 डॉलर प्रति टन थे. इस तरह भारतीय सोयाबीन खली अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क से लगभग 177 डॉलर प्रति टन महंगा था. कीमतों में इस अंतर के कारण विदेशी खरीदारों के लिए भारतीय उत्पाद कम प्रतिस्पर्धी हो गया है. वहीं, ब्राजील और अर्जेंटीना जैसे दक्षिण अमेरिकी उत्पादकों से सस्ती आपूर्ति मिलने के कारण ये देश अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रहे हैं.

घरेलू मांग और शिपिंग लागत ने भी बढ़ाई मुश्किल

SEA ने बताया कि देश में पशुपालन और पोल्ट्री उद्योग से जुड़े फीड निर्माताओं की मजबूत मांग ने भी निर्यात को प्रभावित किया है. इसके अलावा लाल सागर क्षेत्र में जारी शिपिंग व्यवधान और समुद्री माल ढुलाई की ऊंची लागत के कारण भारतीय खली की विदेशी बाजारों तक पहुंच महंगी हुई है. इन परिस्थितियों ने निर्यातकों की मुश्किलें बढ़ाई हैं.

सरसों खली की विदेशी मांग बनी सहारा

सोयाबीन खली के निर्यात में भारी गिरावट के बीच रेपसीड मील का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा. अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान इसका निर्यात 8.80 लाख टन रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 9.15 लाख टन निर्यात हुआ था. चीन, बांग्लादेश और वियतनाम जैसे एशियाई देश इसके प्रमुख खरीदार रहे. दूसरी ओर, कैस्टरसीड मील का निर्यात पिछले साल के 1.06 लाख टन से घटकर 96,245 टन रह गया. मूंगफली खली का निर्यात भी 14,960 टन से गिरकर 3,231 टन पर आ गया.

एशियाई बाजारों में भारतीय उत्पादों की मांग

SEA के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अगस्त 2026 के दौरान चीन, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया और वियतनाम भारतीय खली के प्रमुख आयातक रहे. चीन ने इस अवधि में भारत से 4.01 लाख टन ऑयलमील खरीदा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह मात्रा 3,75,356 टन थी. चीन के कुल आयात में 3,94,856 टन रेपसीड मील, 4,528 टन सोयामील और 1,616 टन कैस्टर मील शामिल था.

बांग्लादेश ने इस दौरान 2,17,194 टन ऑयलमील का आयात किया, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 1,78,190 टन था. इसमें 2,08,079 टन रेपसीड मील, 8,204 टन सोयामील और 911 टन राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन शामिल था. दक्षिण कोरिया ने भारत से 1,53,932 टन ऑयलमील खरीदा, जबकि पिछले साल उसने 2,09,887 टन आयात किया था. इसमें 86,636 टन रेपसीड मील, 48,796 टन कैस्टर मील और 18,458 टन सोयामील शामिल था.

वहीं, वियतनाम का भारतीय ऑयलमील आयात बढ़कर 1,23,951 टन हो गया, जो पिछले साल 92,189 टन था. वियतनाम ने भारत से 65,510 टन राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन, 53,580 टन रेपसीड मील, 4,600 टन सोयामील और 261 टन मूंगफली खली खरीदी. इस तरह प्रमुख एशियाई बाजारों में रेपसीड मील की मांग बनी हुई है, लेकिन सोयामील के निर्यात में आई भारी गिरावट ने भारत के कुल खली निर्यात को प्रभावित किया है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!