मुजफ्फरपुर में अवैध खाद फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, इतना सामान जब्‍त

मुजफ्फरपुर में अवैध खाद फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, दो आरोपी गिरफ्तार, इतना सामान जब्‍त

मुजफ्फरपुर के बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुतिहरपुर गांव में पुलिस ने अवैध खाद बनाने वाली मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी में 208 बोरी खाद, दो पिकअप वाहन सहित अन्‍य सामान जब्‍त किए गए हैं.

Muzffarpur Fertilizer Factory BustedMuzffarpur Fertilizer Factory Busted
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Oct 27, 2026,
  • Updated Oct 27, 2026, 11:29 AM IST

रबी सीजन की बुवाई के बीच बिहार के मुजफ्फरपुर में अवैध खाद के निर्माण और कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने सोमवार को बरियारपुर थाना क्षेत्र के सुतिहरपुर गांव में छापेमारी के दौरान 208 बोरी खाद, दो पिकअप वाहन और खाद बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं. मौके से अंजन कुमार और गीता देवी को गिरफ्तार किया गया है.

गुप्त सूचना पर गठित की गई विशेष टीम

पुलिस ने बताया कि 25 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि सुतिहरपुर गांव में अवैध तरीके से खाद का निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री की जा रही है. इसके बाद SSP के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पूर्वी-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. इस टीम में जिला आसूचना इकाई और बरियारपुर थाने की पुलिस शामिल थी.

छापेमारी में खाद और उपकरण बरामद

विशेष टीम ने गांव में छापेमारी कर कथित अवैध खाद निर्माण इकाई से 208 बोरी खाद बरामद की. पुलिस ने खाद बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी जब्त किए हैं. इनमें 14 पीस रंग, तीन बाल्टी, 10 धागे, दो मग, दो कुदाल और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू शामिल हैं.

पुलिस ने अवैध कारोबार में शामिल वाहन कब्‍जे में लिए

पुलिस ने मौके से खाद भरने के लिए रखी गईं 601 खाली बोरियां भी जब्त की हैं. इसके अलावा खाद के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने वाले दो पिकअप वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं. पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार अंजन कुमार और गीता देवी बरियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं.

बरियारपुर थाने में मामला दर्ज

इस मामले में बरियारपुर थाना कांड संख्या 161/26 दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, अवैध खाद के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. साथ ही, इस कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

MORE NEWS

Read more!