
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा किसानों की समृद्धि और कृषि विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रबी सत्र 2026-27 के अंतर्गत मुफ्त बीज मिनीकिट वितरण और सब्सिडी पर उन्नतशील बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चलाई जा रही है. इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (www.agriculture.up.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य किया गया है.
प्रदेश के कृषि निदेशक टीएम त्रिपाठी ने बताया कि विभागीय योजना के तहत प्रदेशभर में चना की 84,506, मटर की 15,268, मसूर की 1,09,700, राई/सरसों की 4,95,578 और अलसी की 30,000 निःशुल्क मिनीकिट वितरित की जा रही हैं. इसके अलावा दलहन की विशेष योजना के तहत 8 वर्ष से कम अवधि के मसूर के बीज पर शत-प्रतिशत और चना, मटर के बीज पर 75 प्रतिशत तक का अनुदान पर दिया जा रहा है, जबकि गेहूं, जौ एवं राई/सरसों के उन्नतशील प्रजातियों के बीजों पर किसानों को 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है.
कृषि निदेशक के मुताबिक, सभी प्रकार की बुकिंग निर्धारित लक्ष्य की सीमा तक ही मान्य होगी, इसलिए किसान जल्दी से जल्दी विभागीय पोर्टल पर जाकर किसान पंजीकरण संख्या एवं मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से अपनी आवश्यकतानुसार फसल मिनीकिट अथवा बीज का चयन कर आवेदन पूरा कर सकते हैं. इसके अलावा किसान अपने नजदीकी कृषि विभाग के कार्यालय, बीज भंडार, जन सेवा केंद्र या कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्मिक से संपर्क स्थापित कर भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
यूपी में अगले 48 घंटे के भीतर तेज बारिश की चेतावनी, बढ़ेगी ठंड! जानें 26 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम?
यूपी में किसानों को जमीनी विवाद से मिली बड़ी राहत, योगी सरकार ने पेश किया पिछले 8 वर्षों का आंकड़ा
पहले सूखे की मार, अब आंखो के सामने धू-धूकर जली गन्ना फसल, किसान ने आग में कूदने की कोशिश की