मिजोरम में खाद और सुपारी की बड़ी खेप जब्त, पुलिस ने यूरिया समेत करोड़ों का सामान पकड़ा

मिजोरम में खाद और सुपारी की बड़ी खेप जब्त, पुलिस ने यूरिया समेत करोड़ों का सामान पकड़ा

मिजोरम पुलिस ने 12 से 18 अक्टूबर के बीच चलाए गए अभियान में 600 बोरी यूरिया खाद समेत बड़ी मात्रा में उर्वरक और 58.4 टन सूखी सुपारी जब्त की है. सुपारी की एक खेप की कीमत 1.12 करोड़ रुपये आंकी गई है.

mizoram areca nut urea actionmizoram areca nut urea action
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Oct 20, 2026,
  • Updated Oct 20, 2026, 12:11 PM IST

मिजोरम में पुलिस ने 12 से 18 अक्टूबर के बीच तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए गए अभियान में बड़ी मात्रा में यूरिया खाद और सूखी सुपारी जब्त की है. अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने विदेशी सिगरेट, शराब और मादक पदार्थ मेथामफेटामाइन भी बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि जब्त सामान की कीमत करोड़ों रुपये में है.

दो ट्रकों से पकड़ी 600 बोरी यूरिया खाद

आइजोल जिले के सेलिंग इलाके में रविवार को जांच के दौरान पुलिस ने दो ट्रकों को रोका. तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से यूरिया खाद की 300-300 बोरियां बरामद हुईं. इस तरह कुल 600 बोरी यूरिया जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने खाद को आगे की कार्रवाई के लिए कृषि निदेशालय को सौंप दिया. यूरिया के अवैध परिवहन के खिलाफ एक अन्य कार्रवाई में सैतुअल जिले की पुलिस ने 14 अक्टूबर को कैफांग इलाके में दो ट्रकों से 689 बोरी खाद बरामद की. 

1.12 करोड़ रुपये की सूखी सुपारी जब्त

खावजॉल जिले में पुलिस ने 15 अक्टूबर को तुइसेनफाई के पास एक ट्रक को रोककर तस्करी की 170 बोरियां सूखी सुपारी बरामद की. इन बोरियों में कुल 13,600 किलोग्राम सुपारी थी. बाद में वाहन और सुपारी की खेप को आगे की कार्रवाई के लिए चम्फाई स्थित सीमा शुल्क निवारक बल को सौंप दिया गया.

वहीं, 12 अक्टूबर को खावजॉल पुलिस और विधिक माप विज्ञान विभाग की संयुक्त टीम ने लुंगवर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर चार वाहनों को रोका. इन वाहनों से 44,800 किलोग्राम सूखी सुपारी बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1.12 करोड़ रुपये बताई गई है. इसी कार्रवाई में 24.85 लाख रुपये मूल्य की विदेशी सिगरेट के 71 कार्टन भी जब्त किए गए.

7.89 लाख रुपये की शराब जब्त

वहीं, कोलासिब जिले के सरखान इलाके में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की 140 पेटियां जब्त कीं. इनकी कीमत करीब 7.89 लाख रुपये बताई गई है. इस मामले में असम के रहने वाले बेबुल हुसैन और बाबलुई हुसैन को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कावनपुई थाने में मामला दर्ज किया है. मिजोरम में शराबबंदी लागू है.

75 लाख रुपये का मेथामफेटामाइन बरामद

मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में ब्वांगकॉन पुलिस थाने की टीम ने 12 अक्टूबर को 950 ग्राम मेथामफेटामाइन जब्त किया. इसकी अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये बताई गई है. इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक म्यांमार की रहने वाली है.

एक हफ्ते तक अलग-अलग इलाकों में चला अभियान

पुलिस के अनुसार, 12 से 18 अक्टूबर के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग अभियान चलाकर अवैध रूप से ले जाए जा रहे सामान को जब्त किया गया. इन कार्रवाइयों में यूरिया खाद और सूखी सुपारी की बड़ी खेप के अलावा शराब, विदेशी सिगरेट और मादक पदार्थों की बरामदगी भी शामिल है. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!