
महाराष्ट्र के जालना जिले में पानी की किल्लत अब किसानों की सालों की मेहनत पर पानी फेर रही है. खेतों में खड़ी फसलें तो प्रभावित हो ही रही हैं, लेकिन अब पानी के अभाव में किसान अपनी फलदार बागों को भी उजाड़ने के लिए मजबूर हो रहे हैं. जालना जिले के अंतरवाला गांव में एक किसान ने पानी की कमी के चलते अपनी मोसंबी की बाग जेसीबी की मदद से उखाड़ दी है. किसान ने पांच साल तक इस बाग को अपने बच्चों की तरह संभाला था. अब जब इन पेड़ों पर फल आने शुरू हुए थे, तभी पानी की समस्या के चलते किसान को अपनी आंखों के सामने पूरी बाग उजाड़नी पड़ी.
दरअसल, जालना जिले में इस साल कम बारिश होने के कारण सूखे जैसे हालात बने हुए हैं. इसका सबसे ज्यादा असर बागवानी करने वाले किसानों पर पड़ रहा है. मोसंबी की बाग को बचाने के लिए नियमित रूप से पानी देना जरूरी होता है, लेकिन जलस्रोतों में पानी की कमी होने के कारण किसानों के सामने बाग बचाने का संकट खड़ा हो गया है.
जालना तहसील के अंतरवाला गांव के किसान नितीन बचाटे ने करीब पांच साल पहले अपने एक एकड़ खेत में मोसंबी के 300 पौधे लगाए थे. इस बाग को तैयार करने के लिए उन्होंने करीब 25 से 30 हजार रुपये खर्च किए थे. पांच साल तक उन्होंने इन पेड़ों की अपने बच्चों की तरह देखभाल की. उन्हें उम्मीद थी कि बाग से हर साल करीब एक लाख रुपये तक की आमदनी होगी. अब इन पेड़ों पर फल आने भी शुरू हो गए थे. लेकिन बाजार में मोसंबी को उचित दाम नहीं मिलना और दूसरी ओर बाग को पानी देने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होना, इन दोनों समस्याओं ने किसान की मुश्किलें बढ़ा दीं.
आखिरकार पानी के अभाव में नितीन बचाटे को अपने एक एकड़ खेत में लगे मोसंबी के सभी 300 पेड़ जेसीबी से उखाड़ने पड़े. इतना ही नहीं, इसी गांव के एक अन्य किसान ऐंशीराम भोईटे को भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा है. वह बताते है की, उन्होंने एक एकड़ 10 गुंठे जमीन में मोसंबी की बाग लगाई थी. इसे तैयार करने में करीब 30 से 35 हजार रुपये खर्च हुए थे. पांच साल तक उन्होंने बाग की देखभाल की और अब पेड़ों पर मोसंबी लगनी शुरू हुई थी. लेकिन पानी की कमी के कारण उन्हें अपनी पूरी बाग जेसीबी से उखाड़नी पड़ी.
किसानों का कहना है कि बाग लगाने और उसकी देखभाल करने में काफी खर्च आता है, लेकिन पानी के अभाव में उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो गई है. किसानों ने सरकार से मोसंबी उत्पादकों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही नदी जोड़ परियोजना को जल्द पूरा करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले समय में कई और किसानों को अपनी बागों को उजाड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है.