
मथुरा में आयोजित ‘पंचायत आजतक’ के मंच से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश की चुनौतियों को समस्या मानने के बजाय उनमें संभावनाएं तलाशीं और उन्हें विकास के अवसर में बदला. इसके अलावा सीएम योगी ने प्रदेश के किसानों की बात करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों और खेती की स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में बड़ा बदलाव आया है. सरकार ने किसानों की समस्याओं को दूर करने के साथ खेती को आधुनिक तकनीक, सिंचाई, बाजार और बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ने पर काम किया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इसका असर अब कृषि उत्पादन और किसानों की आय के अवसरों पर भी दिखाई दे रहा है.
मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पास देश की सबसे उर्वर भूमि है, उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारें अन्नदाता किसानों को चुनौती और समस्या के तौर पर देखती थीं, जिसका परिणाम किसानों की निराशा और आत्महत्या के रूप में सामने आया, हमारी सरकार ने किसान को समस्या नहीं माना, बल्कि अन्नदाता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान का प्रयास किया, उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कृषि विकास दर 8 फीसदी से बढ़कर 21 फीसदी हो गई है.
मुख्यमंत्री ने गन्ना किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश में 29 चीनी मिलें बंद हो गई थीं. इसका सीधा असर गन्ना किसानों पर पड़ा और किसानों के भुगतान भी अटक गए थे. योगी ने दावा किया कि वर्ष 2017 के बाद स्थिति में बदलाव आया है. उनके मुताबिक, इस दौरान प्रदेश में 122 चीनी मिलें सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं और एक भी चीनी मिल बंद नहीं हुई है.
उन्होंने कहा कि किसानों की सबसे बड़ी समस्याओं में सिंचाई की कमी और फसल को बाजार तक पहुंचाने की परेशानी भी शामिल रही है. सरकार ने बंद पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को दोबारा पूरा कराया, जिससे किसानों को खेतों तक पानी पहुंचाने में मदद मिली. इसके साथ ही खेती में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया गया है.
CM योगी ने कहा कि केवल फसल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है. किसान को अपनी उपज का बेहतर बाजार भी मिलना जरूरी है. इसी को ध्यान में रखते हुए सड़कों और अन्य कनेक्टिविटी सुविधाओं को मजबूत किया गया, ताकि किसानों की फसल आसानी से मंडियों और दूसरे बाजारों तक पहुंच सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश किसानों को सिर्फ खेती तक सीमित रखने की नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक कृषि, बेहतर बाजार और नई तकनीकों से जोड़ने की है. इससे किसानों को उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी उपज का बेहतर मूल्य हासिल करने के अवसर मिल रहे हैं.
सीएम योगी ने कहा कि जिस तरह प्रदेश की युवा आबादी को सरकार अवसर के रूप में देख रही है, उसी तरह किसानों और कृषि क्षेत्र की क्षमता को भी नए अवसरों से जोड़कर उत्तर प्रदेश को कृषि के क्षेत्र में और मजबूत बनाया जा रहा है.