दक्षिण गुजरात में महीनेभर बाद झमाझम बारिश, कई जिलों में किसानों के चेहरे खिले

दक्षिण गुजरात में महीनेभर बाद झमाझम बारिश, कई जिलों में किसानों के चेहरे खिले

दक्षिण गुजरात में लंबे इंतजार के बाद मानसून ने जोरदार वापसी की है. भरूच, नवसारी और डांग में झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. भरूच में दो घंटे में ढाई इंच तक बारिश हुई, जबकि डांग के कई इलाकों में 4 से 6 इंच तक बारिश दर्ज की गई है.

navsari rainnavsari rain
क‍िसान तक
  • Bharuch/Navsari,
  • Sep 13, 2026,
  • Updated Sep 13, 2026, 4:25 PM IST

दक्षिणी गुजरात में करीब महीनेभर के लंबे इंतजार के बाद फिर झमाझम बारिश हुई है. नवसारी, डांग और भरूच जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है. डांग में कई इलाकों में अच्‍छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं भरूच में एक महीने के अंतराल के बाद हुई तेज बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली है. मौसम विभाग ने दक्षिण गुजरात में रेड अलर्ट जारी किया है. भरूच जिले में करीब एक महीने के अंतराल के बाद कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई. दो घंटे में अंकलेश्वर में ढाई इंच और भरूच शहर में दो इंच बारिश हुई. इसके अलावा वालिया और झगड़िया तहसील में डेढ़ इंच, जबकि वागरा, हांसोट और नेत्रंग में एक-एक इंच बारिश दर्ज की गई.

फसल सूखने को लेकर चिंति‍त थे किसान

लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण जिले में सूखे जैसे हालात बन गए थे. फसलें सूखने की आशंका से किसान चिंतित थे, लेकिन अब हुई बारिश से उन्हें राहत मिली है. हालांकि, मूसलाधार बारिश के कारण भरूच के कसक, पांचबत्ती और स्टेशन रोड समेत कुछ निचले इलाकों में पानी भर गया.  इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. गरज-चमक के साथ हुई बारिश से उमस और गर्मी से भी राहत मिली है. वहीं, कई इलाकों में बिजली गुल होने से कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया.

नवसारी और डांग में भारी बारिश का दौर

नवसारी और डांग जिले में भी लंबे समय के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है. डांग के आहवा, सापुतारा, वघई और सुबीर समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है. बारिश से किसानों में खुशी का माहौल है. सापुतारा में बारिश के बीच पहाड़ों पर छाई हरियाली और धुंध ने मौसम को और खुशनुमा बना दिया है. सापुतारा की सर्पगंगा झील में पर्यटक बारिश के बीच बोटिंग का आनंद लेते नजर आए. बारिश ने इलाके के प्राकृतिक सौंदर्य में चार चांद लगा दिए हैं.

24 घंटे में डांग के कई इलाकों में 4 से 6 इंच तक बारिश

सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में डांग जिले के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. आहवा में 4.5 इंच, सापुतारा में 2.73 इंच, वघई में 5.63 इंच और सुबीर में 5.92 इंच बारिश हुई. वहीं, नवसारी जिले के वांसदा में दो इंच बारिश दर्ज की गई.

मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को नदी-नालों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है. प्रशासन की ओर से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है. (इनपुट- विक्‍की जोशी/रोनक जानी)

MORE NEWS

Read more!