
मौसम कोई भी हो पशुओं को अतिरिक्त देखभाल की बहुत जरूरत होती है. फिर वो पशु चाहें छोटा हो या बड़ा. इसी तरह से भेड़-बकरी के मैमनों को ठंड के मौसम में बहुत ज्यादा देखभाल की जरूरत होती है. एनीमल एक्सपर्ट की मानें तो इस कारोबार में सबसे बड़ा मुनाफा भेड़-बकरी के दिए गए बच्चें ही होते हैं. अगर मैमनों की मृत्यु दर को कंट्रोल कर लिया तो फिर बकरी पालन में मोटा मुनाफा होने से कोई नहीं रोक सकता है. क्योंकि अगर आप बाजार में बकरी का बच्चा खरीदने जाते हैं तो शुरुआती दिनों का बच्चा 1500 से दो हजार रुपये तक का आता है.
लेकिन केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (सीआईआरजी), मथुरा की नई रिसर्च के बाद दिसम्बर-जनवरी वाली कड़ाके की ठंड में भी मैमनों को निमोनिया जैसी जानलेवा बीमारी से बचाया जा सकेगा. सीआईआरजी ने एक खास तरह का शेड तैयार किया है. इसमे सोलर पैनल का इस्तेमाल किया गया है. इस तरह के खास शेड में 40 बच्चे तक एक साथ रखे जा सकते हैं. 60 से 70 हजार रुपये में ये तैयार हो जाता है. इसकी कीमत को लोहे की जाली की जगह लकड़ी का इस्तेमाल कर और कम किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें: Goat Farming: ब्रीडर बकरे में हैं ये क्वालिटी तो बाड़े में होगी ज्यादा दूध देने वाली बकरियों की फौज
सीआईआरजी के सीनियर साइंटिस्टी डॉ. भुवनेश राय ने किसान तक को बताया कि बकरी पालन में बच्चों की मृत्य दर कम करने और उन्हें ठंड से बचाने के लिए सोलर ड्रायर विंटर प्रोटेक्शन सिस्टम तैयार किया गया है. ये दोहरे काम करता है. सबसे पहले हम बच्चों को निमोनिया से बचाने की बात करें तो ठंड के मौसम ही नहीं गर्मी में भी बकरी के बच्चों को निमोनिया हो जाता है. इसलिए खासतौर पर ठंड के मौसम में बच्चों की सुरक्षा बहुत जरूरी हो जाती है.
ट्रॉयल के तौर पर हमने सीआईआरजी में इस सिस्टम को लोहे की जाली के ऊपर बनाया है. जाली के पीछे प्लास्टिक की शीट्स लगाई गई हैं. इसके पीछे कुशन के पैनल लगाए जाते हैं. इस तरह बाहर की ठंडी हवा अंदर शेड में नहीं आती है. अंदर और गर्मी पैदा करने के लिए कुछ ज्यादा वॉट्स की लाइट लगाई जाती हैं. ऐसा सब करने से शेड के अंदर घुटन न हो इसके लिए एक एग्जॉास्ट फैन लगा दिया गया है. शेड में बिजली की सप्लाई बराबर बनी रहे इसके लिए सोलर पैनल का इस्तेमाल किया गया है. ऐसा करने से बच्चे बाहर के ठंडे मौसम से बच जाते हैं.
इसे भी पढ़ें: Goat Milk: अजब-गजब है बकरी के दूध की जांच करने का तरीका, जानें डिटेल
डॉ. बी. राय ने बताया कि ये शेड सर्दी के लिए चारे का इंतजाम भी करता है. जैसे बरसात के दिनों में हरा चारा बहुत होता है. लेकिन उसके अंदर नमी बहुत ज्यादा होती है, इसलिए उसे साइलेज या हे बनाकर नहीं रखा जा सकता है. और सुखाने की बात करें तो बरसात में हरे चारे को सुखाना बहुत ही मुश्किल हो जाता है. इसलिए इस खास सोलर ड्रॉयर का इस्तेमाल बरसात के दिनों में हरा चारा सुखाने में भी किया जा सकता है. और जैसे ही सर्दी शुरू हों तो बकरियों को सूखा हुआ चारा खिलाने के साथ ही बच्चों को रखने के लिए सूखी घास की तरह से जमीन पर बिछाया भी जा सकता है.