IMD Weather Outlook: मार्च से मई के बीच बढ़ेंगे लू के दिन, La Nina-IOD पर अपडेट, पढ़ें मौसम की फुल डिटेल

IMD Weather Outlook: मार्च से मई के बीच बढ़ेंगे लू के दिन, La Nina-IOD पर अपडेट, पढ़ें मौसम की फुल डिटेल

IMD Weather Forecast: मार्च से मई के बीच गर्मी इस बार ज्यादा परेशान कर सकती है. आईएमडी के ताजा आउटलुक में कई राज्यों में लू के दिनों के बढ़ने का अनुमान जताया गया है. वहीं, ला नीना और आईओडी को लेकर भी अहम संकेत दिए गए हैं, जो आने वाले मौसम को प्रभावित कर सकते हैं.

Advertisement
IMD Weather Outlook: मार्च से मई के बीच बढ़ेंगे लू के दिन, La Nina-IOD पर अपडेट, पढ़ें मौसम की फुल डिटेलआईएमडी ने जारी किया वेदर आउटलुक (AI Image)

IMD Weather Outlook March To May: भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने मार्च से मई 2026 के लिए यानी गर्मी के मौसम (हॉट वेदर सीजन) को लेकर आउटलुक जारी किया है. IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के ज्यादातर हिस्सों में इस बार गर्मी सामान्य से ज्यादा रहने के आसार हैं. खासतौर पर दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जबकि कई राज्यों में हीटवेव के दिनों की संख्या भी सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है.

मार्च से मई तक कैसा रहेगा तापमान?

आईएमडी के अनुसार, मार्च-अप्रैल-मई के पूरे मौसम में देश के ज्‍यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है. हालांकि, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे कम भी रह सकता है. 

वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो ज्यादातर राज्यों में रात का मौसम भी अपेक्षाकृत गर्म रहने के संकेत हैं. दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों और कुछ अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे कम रह सकता है.

मार्च 2026 का अलग से अनुमान

आईएमडी ने मार्च महीने के लिए अलग से तापमान का आउटलुक भी जारी किया है. इसके मुताबिक मार्च 2026 में देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रह सकता है. 

हालांकि, पूर्वोत्तर भारत, उससे सटे पूर्वी भारत, पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों और मध्य व प्रायद्वीपीय भारत के कुछ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है. 

वहीं, न्यूनतम तापमान ज्यादातर इलाकों में सामान्य रहने का अनुमान है, जबकि उत्तर पश्चिम भारत, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों और पूर्वी तट के साथ लगे क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से कम भी रह सकता है.

मार्च में कैसी रहेगी बारिश की स्थित‍ि?

मार्च 2026 में देशभर में औसतन बारिश सामान्य रहने की संभावना जताई गई है. आईएमडी के अनुसार, इस महीने बारिश दीर्घकालिक औसत के दायरे में रह सकती है. हालांकि, पूर्वोत्तर भारत और उत्तर पश्चिम और पूर्व-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है. देश के कई अन्य हिस्सों में सामान्य से ज्यादा या सामान्य बारिश के आसार हैं.

हीटवेव को लेकर बड़ी चेतावनी

आईएमडी की रिपोर्ट में हीटवेव को लेकर खास चेतावनी दी गई है. मार्च से मई के दौरान पूर्वी और पूर्व-मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप के कई इलाकों और उत्तर पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में हीटवेव के दिन सामान्य से ज्यादा रहने की आशंका है. वहीं, मार्च 2026 में गुजरात और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव के दिन बढ़ सकते हैं. बाकी हिस्सों में हीटवेव की स्थिति सामान्य रहने का अनुमान है.

La Nina की ऐसी है स्थित‍ि

रिपोर्ट में बताया गया है कि फिलहाल प्रशांत महासागर में कमजोर ला नीना की स्थिति बनी हुई है, लेकिन इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है. वहीं, हिंद महासागर में इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) की स्थिति तटस्थ बनी हुई है और आने वाले मौसम में भी इसके तटस्थ रहने का अनुमान है. इन परिस्थितियों का असर भारत के मौसम पर पड़ सकता है.

गर्मी से बढ़ सकता है दबाव

आईएमडी का कहना है कि बढ़ी हुई गर्मी से जनस्वास्थ्य, पानी की उपलब्धता और बिजली की मांग पर असर पड़ सकता है. बुजुर्गों, बच्चों, बाहर काम करने वाले लोगों और पहले से बीमार व्यक्तियों के लिए खतरा ज्यादा हो सकता है. ऐसे में राज्य सरकारों और जिला प्रशासन को पहले से तैयारी रखने की सलाह दी गई है, ताकि पीने के पानी, कूलिंग शेल्टर और स्वास्थ्य सेवाओं पर अतिरिक्त दबाव न पड़े. आईएमडी ने लोगों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से मौसम अपडेट और चेतावनियों पर नजर रखें. तेज गर्मी के दौरान पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और कमजोर वर्गों का खास ध्यान रखने की जरूरत है.

POST A COMMENT