Weather Alert: कई राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान रहेगा सामान्य से कम

Weather Alert: कई राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान रहेगा सामान्य से कम

मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च तक मध्य और पूर्वी भारत में गरज-चमक, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान सामान्य से कम रहेगा और अगले एक सप्ताह तक हीटवेव की संभावना नहीं है.

Advertisement
Weather Alert: कई राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान रहेगा सामान्य से कमआज का मौसम (फाइल फाेटो)

मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य भारत और पूर्वी भारत में 21 मार्च तक छिटपुट गरज और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 21 मार्च को पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है. 24 मार्च को असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, और 21 मार्च को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में छिटपुट भारी बारिश की संभावना है. 

मौसम विभाग ने ये भी संभावना जताई है कि देश के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर आंधी-तूफान की गतिविधि और पश्चिमी विक्षोभ के लगातार आने के कारण, अगले एक सप्ताह के दौरान दिन का तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है. अगले एक सप्ताह के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण गर्म लहर की स्थिति की संभावना नहीं है. दिल्ली समेत NCR के ज्यादातर इलाकों में बीते 24 घंटों से बूंदाबांदी के चलते तापमान में कमी आई है और ऐसी स्थिति सप्ताह के अंत तक बनी रहेगी. 

शनिवार तक बर्फबारी की आशंका

पश्चिमी हिमालय के क्षेत्रों में शनिवार तक बर्फबारी की आशंका जताई गई है. शनिवार को भी दिल्ली एनसीआर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. तो वहीं दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 27°C से 29°C और 13°C से 15°C के बीच रहने की संभावना है. दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहेगा तो अधिकतम तापमान भी सामान्य से कम और कुछ अलग-अलग इलाकों में सामान्य से काफी कम रहेगा. 

रविवार को भी मौसम में बहुत ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. यानी मार्च का तीसरा सप्ताह भी मौसम में राहत लेकर आया है और आमतौर पर जो मार्च सूरज की तपिश में जल आया करता था, उसने इस बार लोगों को काफी राहत दी है. पहाड़ों पर बर्फबारी ने एक बार फिर जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की ऊंचाई वाले इलाकों में सैलानियों की मौज कर दी है. दूसरी ओर, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम बेहद सुहाना हो गया है. उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में शुक्रवार को बारिश दर्ज की गई. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई. मौसम विभाग ने बताया है कि शनिवार को वहां मौसम साफ रहेगा.

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के अलावा एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन का भी असर देखा गया. इसकी वजह से पूरे देश में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि जैसी घटनाएं देखने को मिल रही हैं. राजधानी दिल्ली की बात करें तो शुक्रवार को बारिश दर्ज की गई, लेकिन शनिवार से इस गतिविधि में कमी आएगी. पिछले दो दिन से तापमान में गिरावट है, मगर शनिवार से इसमें वृद्धि दर्ज होगी. अगले सात दिनों के दौरान दिल्ली में तापमान बढ़ेंगे, लेकिन उसके सामान्य से लेकर सामान्य से नीचे तक रहने की संभावना है.

इन राज्यों में मौसम में सुधार

आईएमडी दिल्ली के मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और विदर्भ के क्षेत्रों में तूफान की स्थिति को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इनमें कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जारी की गई है. उत्तर पश्चिम भारत में शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ हट जाएगा जिसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और बारिश, बर्फबारी से राहत मिलेगी.

पूर्वी भारत के क्षेत्रों में अगले दिनों में सुधार दिखना शुरू हो जाएगा. झारखंड और छत्तीसगढ़ में शनिवार को तूफान की गतिविधि में कमी देखी जाएगी. शनिवार को बिहार, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में तूफान की गतिविधि रह सकती है. बिजली चमकने के साथ ही तेज हवा चल सकती है. रविवार से इन इलाकों में सुधार होगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी.

POST A COMMENT