आंध्र की ओर क्यों बढ़ रहे हैं तूफान?बंगाल की खाड़ी में पिछले कुछ दिनों में बने चक्रवाती सिस्टम ने मौसम वैज्ञानिकों का ध्यान खींचा है. इस दौरान तीन चक्रवात बनना असामान्य नहीं है, लेकिन तीनों का आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ना दुर्लभ घटना है. IMD के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, अल नीनो और इंडियन ओशन डाइपोल (IOD) जैसे जलवायु फैक्टर इस असामान्य पैटर्न में भूमिका निभा सकते हैं. ऐसा ही रुझान 1987 में भी देखा गया था, जब अल नीनो की स्थिति थी.
महापात्र ने बताया कि अल नीनो के दौरान बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्सों और निचले अक्षांशों में चक्रवाती सिस्टम बनने के अनुकूल हालात बनते हैं. ऐसे सिस्टम अक्सर आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटों की ओर बढ़ते हैं. यही इस बार चक्रवातों के बार-बार आंध्र की ओर जाने की एक प्रमुख वजह हो सकती है. IOD भी इस पैटर्न को प्रभावित कर रहा है.
अल नीनो में प्रशांत महासागर के समुद्री सतह के तापमान में बदलाव दुनिया भर के मौसम को प्रभावित करता है. इसका असर हिंद महासागर क्षेत्र के मौसम पर भी पड़ता है और चक्रवातों के बनने की जगह और दिशा तय करने में भूमिका निभाता है. हालांकि अकेले अल नीनो चक्रवात का रास्ता तय नहीं करता, समुद्री हालात और वायुमंडलीय सिस्टम भी अहम होते हैं.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा ताजा सिस्टम आंध्र प्रदेश के लिए गंभीर खतरा बन सकता है. IMD के अनुसार यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र तट से टकराने की संभावना है.
लैंडफॉल के समय हवा की रफ्तार 120-130 किमी प्रति घंटा और झोंके 145 किमी प्रति घंटे तक हो सकते हैं. फिलहाल सिस्टम में हवा की रफ्तार 75-85 किमी प्रति घंटा और झोंके 95 किमी प्रति घंटे तक हैं. IMD के मुताबिक यह 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान बन सकता है.
तटीय आंध्र प्रदेश के जिलों पर सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है. 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होगी और कुछ इलाकों में 24 घंटे में 20-30 सेमी तक बारिश हो सकती है. इससे शहरी बाढ़, अचानक बाढ़ और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा है.
लैंडफॉल के समय समुद्र का जलस्तर सामान्य से 1-2 मीटर ऊपर उठ सकता है, जिससे पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा और अन्य निचले तटीय इलाकों को खतरा है. 19 नवंबर की रात से 20 नवंबर की दोपहर तक का समय खास तौर पर नाजुक रहेगा.
तेज हवाओं से पेड़ उखड़ सकते हैं, बिजली और टेलीफोन के खंभों को नुकसान हो सकता है और सड़क और रेल यातायात बाधित हो सकता है. कच्चे मकान, टिन की छत वाले ढांचे और पुरानी इमारतों को भी नुकसान की आशंका है.
असर आंध्र प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा. ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी तेलंगाना में भी भारी बारिश के साथ 70-80 किमी प्रति घंटे की हवाओं की संभावना है.
लैंडफॉल के बाद चक्रवात कमजोर पड़ेगा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिणी ओडिशा की ओर बढ़ेगा. उत्तर भारत पर इसका सीधा असर नहीं होगा.
मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के तटीय और निचले इलाकों के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है. चक्रवात के दौरान सड़क, रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. प्रशासन संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की तैयारी कर रहा है. IMD ने लोगों से आधिकारिक मौसम बुलेटिन पर नजर रखने, सुरक्षा सलाह मानने और अफवाहों पर भरोसा न करने या उन्हें न फैलाने की अपील की है.(अनमोल नाथ बाली की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today