चक्रवात अकवान मचाएगा तबाही (AI Image)बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव आज शाम चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. 17 नवंबर को गंभीर और 19 नवंबर के आसपास अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है. आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (Deep Depression) तेजी से ताकतवर हो रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार 16 नवंबर को सुबह 5:30 बजे यह सिस्टम दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था. पिछले छह घंटों के दौरान यह 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम जल्द तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट के पास अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान (Very Severe Cyclonic Storm) का रूप लेने की आशंका है. इस तूफान का नाम 'अकवान' (Akvan) रखा गया है. अकवान चक्रवात के दौरान हवा की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
संभावित चक्रवात को देखते हुए आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (APSDMA) ने तटीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की है. प्राधिकरण के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने बताया कि सोमवार को राज्य के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका है. उन्होंने मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. साथ ही किसानों और आम लोगों को भी मौसम की स्थिति को देखते हुए जरूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं.
आंध्र प्रदेश के लिए नवंबर का महीना अब तक काफी मुश्किल भरा रहा है. राज्य हाल के दिनों में अर्नब और मुरासु नाम के दो चक्रवाती तूफानों की मार झेल चुका है. इन तूफानों से लाखों एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हुई थीं. राज्य में करीब 7,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है. राज्य सरकार ने इस नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से आर्थिक सहायता भी मांगी है. अब बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा नया सिस्टम राज्य के लिए तीसरी बड़ी मौसमी चुनौती बन सकता है.
चक्रवाती सिस्टम का असर तमिलनाडु के तटीय इलाकों में भी देखने को मिल सकता है. IMD के मुताबिक, 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, 18 नवंबर को कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी इस दौरान तेज बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 5:30 बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु के तूतीकोरिन में सबसे अधिक 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. नागरकोइल और कन्याकुमारी में 10-10 मिलीमीटर बारिश हुई. चेन्नई, नीलगिरी, विरुधुनगर और पुडुचेरी में भी मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई. संभावित चक्रवात को देखते हुए IMD ने तमिलनाडु के तटीय इलाकों के मछुआरों को 16 से 21 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. आंध्र प्रदेश के मछुआरों को भी समुद्र से दूर रहने की चेतावनी दी गई है. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today