गर्मी भरी ठंड के बाद अब बदला कश्‍मीर का मौसम, दिन का तापमान घटा, किसानों के लिए खुशखबरी

गर्मी भरी ठंड के बाद अब बदला कश्‍मीर का मौसम, दिन का तापमान घटा, किसानों के लिए खुशखबरी

Kashmir Weather: कश्मीर में असामान्य रूप से गर्म रहे सर्दी के बाद मौसम में बदलाव आया है और दिन का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है. हालिया बारिश और बर्फबारी से फसलों और बागवानी को राहत मिलने की संभावना जताई गई है. पढ़ें मौसम वैज्ञानिक ने क्‍या कहा...

Advertisement
गर्मी भरी ठंड के बाद अब बदला कश्‍मीर का मौसम, दिन का तापमान घटा, किसानों के लिए खुशखबरी कश्‍मीर के मौसम में बड़ा बदलाव (फाइल फोटो)

असामान्य रूप से गर्म रही सर्दियों के बाद कश्मीर में मौसम ने राहत भरा रुख दिखाया है. हालिया बारिश और बर्फबारी के चलते घाटी में दिन का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिसे कृषि और बागवानी के लिए फायदेमंद माना जा रहा है. रविवार से घाटी के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई है. गुलमर्ग और सोनमर्ग समेत पहाड़ी क्षेत्रों में ताजा बर्फ की परत जम गई है, जिससे पूरे इलाके में ठंड का असर फिर से बढ़ गया है.

सामान्‍य से कई डिग्री नीचे पहुंचा दिन का तापमान

इस बदले मौसम का असर तापमान पर भी दिखा है. श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया, जबकि बादलों की वजह से रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. पिछले कुछ दिनों से घाटी में ठंडे दिन और अपेक्षाकृत गर्म रातें देखने को मिल रही हैं.

दरअसल, इस बार सर्दियों में जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की कमी रही. दिसंबर से फरवरी तक बारिश सामान्य से काफी कम रही, जिससे तापमान लगातार ऊंचा बना रहा. फरवरी में तो हालात ऐसे रहे कि तापमान सामान्य से काफी ज्यादा पहुंच गया और मौसम असामान्य रूप से गर्म बना रहा.

बागवानी पर बुरे असर की बढ़ गई थी आशंका

मार्च की शुरुआत में भी यही ट्रेंड जारी रहा और गुलमर्ग में तापमान रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंच गया. इस वजह से कई पौधों में समय से पहले फूल आने लगे, जिससे बागवानी पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई थी. हालांकि, अब बदले मौसम को राहत के रूप में देखा जा रहा है. 

अब फसलों को फायदे की उम्‍मीद

शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में एग्रोमेट एक्‍सपर्ट समीरा खय्यूम ने कहा कि जहां अभी फूल नहीं आए हैं वहां यह मौसम अनुकूल है. कम तापमान कलियों के समय से पहले फूटने की प्रक्रिया को धीमा करेगा और सामान्य फूल आने में मदद करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल बारिश से बड़े नुकसान की संभावना नहीं है, क्योंकि अभी अधिकांश क्षेत्रों में परागण शुरू नहीं हुआ है. 

हालांकि, अगर तापमान ज्यादा समय तक नीचे बना रहता है तो इससे परागण और फूलों पर असर पड़ सकता है. इस साल गर्मी के कारण कश्मीर का ट्यूलिप गार्डन भी समय से पहले खिल गया है. मौजूदा नमी और ठंडक से इन फूलों की अवधि बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, बशर्ते तापमान संतुलित बना रहे.

मौसम विभाग ने किसानों को दी सलाह

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल हल्की बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, लेकिन इसके बाद मौसम में सुधार होगा. आने वाले दिनों में ज्यादातर समय मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, बीच-बीच में हल्की बारिश या बर्फबारी के दौर संभव हैं. किसानों को सलाह दी गई है कि शनिवार के बाद मौसम साफ होने पर खेतों में काम फिर से शुरू करें. (पीटीआई)

POST A COMMENT