आज का मौसमबंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र अगले कुछ घंटे में डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद यह उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बन सकता है. दूसरी ओर, 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की बारिश और पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी हो सकती है. ऐसे में जानिए आज देशभर के मौसम का हाल कैसा रहेगा…
आईएमडी के अनुसार, आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश के आसार हैं. पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक, बिजली और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. उत्तराखंड में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 नवंबर को घने कोहरे की स्थिति बन सकती है
दिल्ली-एनसीआर में 15 नवंबर को आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रह सकता है. सुबह अधिकतर स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है. सुबह से दोपहर पूर्व तक कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान 25 से 27 और न्यूनतम 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
पूर्वी भारत में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी 15 नवंबर को कई जगहों पर बारिश जारी रहने की संभावना है. यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट है. द्वीपसमूह में 14 से 17 नवंबर के दौरान गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है.
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण भारत में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में बारिश की गतिविधियां 17 नवंबर से बढ़ सकती हैं. तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बारिश की संभावना मुख्य रूप से 17 से 20 नवंबर के दौरान है. इन राज्यों में 15 नवंबर को व्यापक बारिश का अलर्ट नहीं है.
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 15 नवंबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है. इन समुद्री इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने समुद्र में मौजूद मछुआरों को 15 नवंबर तक तट पर लौटने की सलाह दी है. अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार के आसपास 16 नवंबर तक और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 17 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने को कहा गया है. दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में 15 से 18 नवंबर और मध्य बंगाल की खाड़ी में 16 से 19 नवंबर तक मछली पकड़ने से बचने की सलाह दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today