IMD का बड़ा अलर्ट: कई राज्‍यों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की आशंका, जानि‍ए कब बदलेगा मौसम

IMD का बड़ा अलर्ट: कई राज्‍यों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की आशंका, जानि‍ए कब बदलेगा मौसम

देश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में खराब मौसम का असर बना रहेगा, जबकि कुछ दिनों बाद धीरे-धीरे सुधार के संकेत भी मिल रहे हैं.

Advertisement
IMD का बड़ा अलर्ट: कई राज्‍यों में आंधी-बारिश और ओले गिरने की आशंका, जानि‍ए कब बदलेगा मौसमजानें कैसा रहेगा आज का मौसम

देश के बड़े हिस्‍से में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और कई चक्रवाती परिसंचरणों के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी के अनुसार, 20 मार्च तक उत्तर-पश्चिम भारत और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है. वहीं, मध्य और पूर्वी भारत में भी 22 मार्च तक आंधी-तूफान और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में 50 से 90 किमी प्रति घंटे तक गति की तेज हवाएं चल सकती हैं.

20 मार्च को देशभर में मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, 20 मार्च को देश के कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा. उत्तर भारत, पूर्वी भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

पूर्वी भारत में तेज आंधी के साथ 60 से 80 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है. कई क्षेत्रों में दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है और अगले एक हफ्ते तक लू चलने की संभावना नहीं है.

दिल्ली-NCR का ताजा मौसम अपडेट

आईएमडी ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 20 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे. दिनभर अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. 

इस दौरान अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है यानी तापमान सामान्य से नीचे रहेगा. वहीं, 21 मार्च से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और 22 मार्च तक आंशिक बादल छाए रहेंगे.

आगे करवट बदलेगा मौसम!

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में 20 मार्च के बाद बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होंगी, हालांकि, 22 मार्च के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ असर डाल सकता है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 21 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान बढ़ेगा.

वहीं, पूर्वी भारत में 21 मार्च तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां जारी रहेंगी, इसके बाद मौसम में सुधार होगा. मध्य भारत में अगले 2 से 3 दिनों तक मौसम खराब रहने के बाद स्थिति सामान्य होगी. इसके अलावा, दक्षिण भारत में 23 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश की संभावना है. पश्चिम भारत में 21 मार्च के बाद मौसम साफ होने और तापमान बढ़ने का अनुमान है.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

किसानों को सलाह दी गई है कि काटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढक दें. खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें, ताकि पानी जमा न हो. बागवानी फसलों और सब्जियों को तेज हवाओं से बचाने के लिए सहारा दें.

वहीं, ओलावृष्टि की आशंका वाले क्षेत्रों में फसलों को जाल या कवर से ढकें. पशुपालक खराब मौसम के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें. चारे और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखें.

POST A COMMENT