आज का मौसम (AI Image)बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ अब आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, तूफान ने पिछले कुछ घंटों में करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा. 17 नवंबर की रात 11:30 बजे यह दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था. इसका केंद्र 12.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.6 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास था. आईएमडी के अनुसार, आज इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है. यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 19 नवंबर की शाम तक अति गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है. इसके 20 नवंबर को दोपहर के आसपास नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच आंध्र प्रदेश और यानम तट को पार करने का अनुमान है. लैंडफॉल के समय हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है.
आईएमडी के अनुसार, आज तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय इलाकों में गरज-चमक के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
रायलसीमा में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के आसार हैं. ओडिशा के दक्षिणी तटीय जिलों में भारी बारिश हो सकती है. यहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकते हैं. ओडिशा में 19 से 21 नवंबर के दौरान बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है.
वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकते हैं. 19 नवंबर को उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.
इधर, उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में सुबह घना कोहरा छा सकता है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा दृश्यता घटा सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ सुबह हल्की धुंध या कोहरा रह सकता है. अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में किसी बड़े बारिश अलर्ट की संभावना नहीं है.
पूर्वोत्तर में असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कहीं-कहीं बिजली चमक सकती है. अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के आसार हैं.
मध्य भारत में 18 नवंबर को छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में व्यापक बारिश की चेतावनी नहीं है. हालांकि, 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. पश्चिम भारत के महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.
आईएमडी ने दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और मध्य बंगाल की खाड़ी में मछुआरों को समुद्र में नहीं उतरने की सलाह दी है. आंध्र प्रदेश और यानम तट के पास समुद्र की स्थिति 18 नवंबर से और खराब हो सकती है. तटीय जिलों में लोगों को प्रशासन की सलाह मानने, कमजोर मकानों से दूर रहने और समुद्र तटों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today