कई राज्‍यों में बाढ़ के बीच जारी रहेगा भारी बारिश का सिलसिला, जानें किस राज्‍य में कैसा रहेगा मौसम

कई राज्‍यों में बाढ़ के बीच जारी रहेगा भारी बारिश का सिलसिला, जानें किस राज्‍य में कैसा रहेगा मौसम

देशभर में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है और 23 जुलाई को कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. आईएमडी ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा समेत कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार हैं.

Advertisement
कई राज्‍यों में बाढ़ के बीच जारी रहेगा भारी बारिश का सिलसिला, जानें किस राज्‍य में कैसा रहेगा मौसमआज का मौसम (AI Image)

देश के कई राज्‍य बाढ़, भूस्‍खलन जैसी आपदाएं झेल रहे हैं. इस बीच, सक्र‍िय मॉनसून के चलते अभी भी कई हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं, दक्षिण भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले सात दिनों तक थोड़ी कम बारिश रहने का अनुमान है. 

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, 23 जुलाई को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, विदर्भ, ओडिशा, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. 

दिल्ली-NCR में हल्‍की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 23 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शाम और रात में भी कुछ जगहों पर फुहारें पड़ने के आसार हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे उमस में कुछ राहत मिलेगी. 

राजस्‍थान के कई हिस्‍सों में चलेगी तेज हवा

उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पंजाब में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. हरियाणा और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादल छाए रहेंगे. राजस्थान के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदला रहेगा. 

मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अच्छी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी तेज बारिश का सिलसिला बना रहेगा, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है. 

पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बरसात जारी

बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. ओडिशा और बिहार के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कुछ दिनों तक व्यापक वर्षा का दौर बना रहेगा. 

दक्षिण भारत में कहां होगी बारिश?

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में कुल मिलाकर बारिश की गतिविधियां उत्तर और मध्य भारत की तुलना में कमजोर रहने का अनुमान है. 

किसानों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने किसानों से कहा है कि लगातार बारिश वाले इलाकों में खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी की व्यवस्था बनाए रखें, ताकि धान, मक्का, सोयाबीन, तिल, अरहर, कपास और सब्जियों की फसलों में जलभराव न हो. 

जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है वहां फिलहाल सिंचाई, उर्वरक छिड़काव और कीटनाशी दवाओं का प्रयोग टाल दें. कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें और तिरपाल से ढककर बचाएं. तेज हवा वाले क्षेत्रों में सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा दें तथा पशुओं को सुरक्षित शेड में रखें.

POST A COMMENT