आज का मौसम (AI Image)पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में धुंध तो दक्षिण भारत में बारिश… आज देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की तस्वीर अलग-अलग रहने वाली है. पश्चिमी विक्षोभ के चलते जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश-बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाओं का खतरा है तो वहीं, पंजाब और उत्तराखंड में भी मौसम बदल सकता है. दूसरी ओर, दिल्ली-NCR में सुबह धुंध छाने का अनुमान है, जबकि तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. इस बीच, बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम बनने जा रहा है, जिसके 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलने की संभावना है. विस्तार से जानिए आज देशभर में मौसम का हाल कैसा रहेगा...
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 12 नवंबर को मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. कश्मीर घाटी में कुछ जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है.
इसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का भी अलर्ट है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश में 12 और 13 नवंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. उत्तराखंड में 12 से 14 नवंबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है. पंजाब में भी 12 और 13 नवंबर को कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान है.
इधर, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में 12 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा छाने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
वहीं, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. यहां 11 से 17 नवंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
12 नवंबर को भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
उधर, पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी छिटपुट बारिश का अनुमान है, जबकि 15 से 17 नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में फिर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 12 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अनुमान है. केरल और माहे में भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 11 से 17 नवंबर तक छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान है.
वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 14 से 17 नवंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में 16 और 17 नवंबर को भी बारिश का दायरा बढ़ सकता है.
मध्य और पश्चिम भारत के राज्यों में 12 नवंबर को किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र समेत पश्चिम एवं मध्य भारत में सप्ताह के दौरान किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि का पूर्वानुमान नहीं दिया है.
बंगाल की खाड़ी में बनने वाला नया मौसमी सिस्टम आने वाले दिनों के लिए महत्वपूर्ण है. IMD के मुताबिक, 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है. इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 14 नवंबर के आसपास अच्छी तरह चिह्नित कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है. इसके बाद 15 नवंबर के आसपास यह डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today