Milk Price Hike: अमूल और मदर डेयरी ने महंगा किया दूध, नई कीमतें आज से लागू

Milk Price Hike: अमूल और मदर डेयरी ने महंगा किया दूध, नई कीमतें आज से लागू

दूध उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी. अमूल ने ताजा टोंड दूध 2 रुपये और गोल्ड दूध 4 रुपये प्रति लीटर महंगा किया है. वहीं, मदर डेयरी ने भी अपने अलग-अलग मिल्क वेरिएंट के दाम 2 से 4 रुपये तक बढ़ा दिए हैं.

Advertisement
Milk Price Hike: अमूल और मदर डेयरी ने महंगा किया दूध, नई कीमतें आज से लागूदूध की कीमतें बढ़ीं (AI Image)

दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ेगी. देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें आज से लागू हो गई हैं. कंपनियों ने दूध की खरीद, पशु चारा, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत को कीमतों में इजाफे की वजह बताया है. इस बढ़ोतरी का असर आम घरों के मासिक बजट पर पड़ सकता है.

अमूल ने टोंड और फुल क्रीम दूध के दाम बढ़ाए

गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने बुधवार को दूध की कीमतें बढ़ाने की जानकारी दी. GCMMF अमूल ब्रांड के तहत दूध और डेयरी उत्पादों की बिक्री करता है. कंपनी ने देशभर में अपने प्रमुख ताजा पैकेट दूध की कीमतों में 4 से 5 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है.

GCMMF के मुताबिक, सबसे ज्यादा बिकने वाले अमूल ताजा टोंड दूध (3 फीसदी फैट) की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इसकी कीमत में करीब 3.3 फीसदी का इजाफा हुआ है. वहीं, अमूल गोल्ड (6 फीसदी फैट) की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है, जो करीब 5.5 फीसदी की वृद्धि है.

मदर डेयरी का दूध भी 4 रुपये तक महंगा

दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनियों में शामिल मदर डेयरी ने भी अपनी अलग-अलग श्रेणियों के दूध के दाम बढ़ा दिए हैं. कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी नहीं किया, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, इसके लिक्विड मिल्क वेरिएंट की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है.

दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी के दूध की नई कीमतें

मिल्क वैरिएंट पुरानी कीमत नई कीमत
टोंड मिल्क (बल्क वेंडेड) ₹58 ₹60
फुल क्रीम मिल्क (पाउच) ₹72 ₹76
टोंड मिल्क (पाउच) ₹60 ₹62
डबल टोंड मिल्क ₹54 ₹56
गाय का दूध ₹62 ₹65

नोट: सभी कीमतें रुपये प्रति लीटर में हैं.

चारा, ईंधन और पैकेजिंग की बढ़ती लागत बनी वजह

GCMMF ने कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे दूध उत्पादन और प्रसंस्करण की लागत बढ़ने को प्रमुख कारण बताया है. कंपनी के अनुसार, इस साल हरे और सूखे चारे, पशु आहार में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, दूध की पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है.

GCMMF ने कहा कि गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं. ऐसे में किसानों को दूध का बेहतर खरीद मूल्य देने और मुश्किल हालात में उनका सहयोग करने के लिए उपभोक्ता कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था.

किसानों से दूध खरीदने की कीमत भी बढ़ी

GCMMF ने कहा कि पिछले एक साल में उसके सदस्य दुग्ध संघों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में 4 से 5 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है. कंपनी का कहना है कि दूध की कीमतों में मौजूदा संशोधन से किसानों को बेहतर भुगतान जारी रखने में मदद मिलेगी. वहीं, मदर डेयरी के लिए भी किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ी है. कंपनी ने बढ़ी हुई उत्पादन लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं तक पहुंचाया है.

खाद्य महंगाई पर भी पड़ सकता है असर

दूध की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब देश में खाद्य महंगाई पहले से बढ़ रही है. राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 7.74 फीसदी पहुंच गई, जबकि अगस्त में यह 5.97 फीसदी थी. दूध रोजमर्रा की खपत का अहम हिस्सा है. ऐसे में इसकी कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू खर्च बढ़ने के साथ खाद्य महंगाई पर भी दबाव पड़ सकता है. (पीटीआई)

POST A COMMENT