Rahul Gandhi (File Photo)पंजाब की सियासत में आने वाले दिनों में हलचल तेज होने वाली है. कांग्रेस ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बड़े राजनीतिक अभियान का ऐलान किया है. पार्टी इस मुद्दे पर पंजाब में एक विशाल रैली आयोजित करने की घोषणा की है, इसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे. यह जानकारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने चंडीगढ़ में दी. भूपेश बघेल ने कहा कि यह रैली 28 फरवरी या 1 मार्च को आयोजित की जा सकती है.
उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ कांग्रेस की निर्णायक लड़ाई की शुरुआत पंजाब से होगी. बघेल ने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा के भीतर और बाहर लगातार इस समझौते का विरोध कर रहे हैं और खास तौर पर किसानों से जुड़े मुद्दों को मुखरता से उठा रहे हैं. कांग्रेस का मानना है कि यह समझौता देश के किसानों और घरेलू कृषि व्यवस्था के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है.
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रस्तावित रैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगी, बल्कि यह किसानों और आम लोगों की आवाज को केंद्र तक पहुंचाने का मंच बनेगी. इसमें पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे और सरकार से सीधे जवाब मांगा जाएगा. बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राहुल गांधी को इस मुद्दे पर बहस की चुनौती दिए जाने पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर सरकार बहस चाहती है तो कांग्रेस तैयार है. किसान भी आएंगे. समय और जगह सरकार तय कर ले.
गौरतलब है कि राहुल गांधी हाल के दिनों में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर लगातार भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हमलावर रहे हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कई तीखे सवाल पूछते हुए आरोप लगाया था कि यह समझौता किसानों के हितों से समझौता करने जैसा है. राहुल गांधी का कहना है कि देश की कृषि व्यवस्था और छोटे किसानों को नजरअंदाज कर बड़े कॉरपोरेट हितों को तरजीह दी जा रही है, जो भविष्य में गंभीर संकट पैदा कर सकती है.
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बताया कि सोमवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी की अहम बैठकें हुईं. इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. वडिंग ने कहा कि कांग्रेस पंजाब में कानून-व्यवस्था, मनरेगा और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार जाएगी.
भूपेश बघेल ने यह भी साफ किया कि टिकट बांटने और विधायक दल के नेता के चयन जैसे फैसले पार्टी हाईकमान के अधिकार क्षेत्र में आते हैं. उन्होंने संकेत दिए कि आगामी चुनावों में युवाओं और महिलाओं को विशेष महत्व दिया जाएगा, ताकि संगठन को नई ऊर्जा मिल सके. (पीटीआई)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today