सूखे से परेशान किसानों की मदद के लिए आगे आए महाराष्ट्र के मंत्री, दान किए 1 करोड़ रुपये 

सूखे से परेशान किसानों की मदद के लिए आगे आए महाराष्ट्र के मंत्री, दान किए 1 करोड़ रुपये 

महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों की मदद के लिए मंत्री अतुल सावे ने अनोखी पहल की है. उन्होंने अपने बेटे की शादी का जश्न छोटा करने और उस पर खर्च होने वाली 1 करोड़ रुपये की रकम सूखा प्रभावित किसानों को दान करने का फैसला किया है. 

Advertisement
सूखे से परेशान किसानों की मदद के लिए आगे आए महाराष्ट्र के मंत्री, दान किए 1 करोड़ रुपये किसानों की मदद के लिए आगे आए महाराष्ट्र के मंत्री (AI- Image)

महाराष्ट्र में सूखे और फसल बर्बादी से परेशान किसानों की मदद के लिए राज्य के मंत्री अतुल सावे ने एक सराहनीय पहल की है. उन्होंने अपने छोटे बेटे की शादी के जश्न पर खर्च होने वाली 1 करोड़ रुपये की रकम सूखा प्रभावित किसानों को दान करने का फैसला किया है. मंत्री के इस फैसले की वजह किसानों की मौजूदा आर्थिक परेशानी बताई जा रही है. मंत्री अतुल सावे ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि यह फैसला उनके परिवार और होने वाली बहू के परिवार ने मिलकर लिया है. दोनों परिवारों ने शादी का भव्य आयोजन करने के बजाय किसानों की मदद करना बेहतर समझा. खासतौर पर मराठवाड़ा क्षेत्र में सूखे और फसल खराब होने से किसान काफी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं.

25 नवंबर को होनी है बेटे की शादी

अतुल सावे के छोटे बेटे अनुराग की शादी 25 नवंबर को ईशा के साथ होने वाली है. ईशा छत्रपति संभाजीनगर के जाने-माने कारोबारी अजीत मुले की बेटी हैं. शुरुआत में दोनों परिवारों ने शादी में अपने हजारों परिचितों और रिश्तेदारों को बुलाने की योजना बनाई थी. इसके लिए बड़े स्तर पर समारोह आयोजित करने की तैयारी थी. हालांकि, महाराष्ट्र में सूखे के हालात और किसानों की परेशानी को देखते हुए परिवारों ने अपनी योजना बदल दी. मंत्री का कहना है कि जब राज्य के हजारों परिवार खेती में हुए नुकसान और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, तब भव्य शादी समारोह करना उचित नहीं होगा.

किसानों की मदद के लिए दिया योगदान

मंत्री अतुल सावे ने कहा कि मौजूदा हालात में किसानों की मदद करना ज्यादा जरूरी है. इसी सोच के साथ दोनों परिवारों ने शादी के जश्न पर होने वाले खर्च में से 1 करोड़ रुपये किसानों की सहायता के लिए देने का फैसला किया है. सावे ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार सूखा प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए कई कदम उठा रही है. उनका परिवार भी अपनी तरफ से इस प्रयास में योगदान देना चाहता है. 

बता दें कि महाराष्ट्र के मराठवाड़ा समेत कई इलाकों में सूखे के कारण फसलें और फलों के बाग प्रभावित हुए हैं. किसानों को खेती में भारी नुकसान हुआ है और कई किसान कर्ज के बोझ से परेशान हैं. ऐसे समय में मंत्री के परिवार की ओर से 1 करोड़ रुपये की मदद का फैसला चर्चा में है. (PTI)

POST A COMMENT