
मध्य प्रदेश में आम उत्पादन को नई पहचान देने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 6 और 7 जून को राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित यह दो दिवसीय महोत्सव कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में होगा, जहां प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादित आमों की प्रसिद्ध किस्मों और उनसे बने उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा.
उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य आम उत्पादकों को प्रोत्साहित करना, आम की विभिन्न किस्मों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए विपणन और प्रसंस्करण के नए अवसर उपलब्ध कराना है.
महोत्सव में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में उत्पादित आम की प्रमुख किस्मों को प्रदर्शित किया जाएगा.इनमें दशहरी, लंगड़ा, केसर, चौसा, तोतापरी, नीलम और विश्व प्रसिद्ध नूरजहां आम शामिल हैं.
अलीराजपुर जिले का नूरजहां आम अपने विशाल आकार और विशेष स्वाद के कारण देशभर में पहचान बना चुका है. वहीं छिंदवाड़ा, सिवनी और मंडला जिलों में दशहरी और लंगड़ा आम की भरपूर पैदावार होती है. खरगोन, बड़वानी और धार जिले केसर और तोतापरी आम के लिए प्रसिद्ध हैं. रीवा, सतना और शहडोल क्षेत्रों में भी आम की खेती तेजी से बढ़ रही है.
महोत्सव में केवल ताजे आम ही नहीं, बल्कि आम से तैयार विभिन्न उत्पादों जैसे जैम, जूस, अचार, पल्प, कैंडी और अन्य मूल्यवर्धित उत्पादों का भी प्रदर्शन किया जाएगा. इससे किसानों और उद्यमियों को प्रसंस्करण क्षेत्र में नए अवसरों की जानकारी मिलेगी.
आयुक्त उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण अरविन्द कुमार दुबे ने बताया कि प्रदेश में वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 105.33 लाख मीट्रिक टन फलों का उत्पादन हुआ, जिसमें 9.58 लाख मीट्रिक टन आम उत्पादन दर्ज किया गया. राज्य सरकार किसानों को आम उत्पादन और प्रसंस्करण की ओर प्रोत्साहित कर उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.
महोत्सव के दौरान किसानों को आधुनिक खेती तकनीक, बेहतर विपणन व्यवस्था, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन संबंधी जानकारी भी दी जाएगी. साथ ही प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के तहत उपलब्ध प्रोत्साहन और सुविधाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी.
राज्य स्तरीय आम महोत्सव आम उत्पादकों, उद्यमियों, कृषि विशेषज्ञों और आम प्रेमियों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगा. यहां प्रदेश की विविध आम प्रजातियों का स्वाद, गुणवत्ता और विशेषताओं को एक ही स्थान पर देखने और समझने का अवसर मिलेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today