Kisan Karwan: बरेली में सजा किसान कारवां का 62वां पड़ाव, किसानों को मिली आय बढ़ाने की टिप्‍स

Kisan Karwan: बरेली में सजा किसान कारवां का 62वां पड़ाव, किसानों को मिली आय बढ़ाने की टिप्‍स

बरेली के हमीरपुर गांव में किसान कारवां का 62वां पड़ाव लगा, जहां कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक खेती, उर्वरक उपयोग और पशुपालन से आय बढ़ाने के तरीके बताए. कार्यक्रम में कई संस्थाओं ने भाग लेकर किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया.

Advertisement
Kisan Karwan: बरेली में सजा किसान कारवां का 62वां पड़ाव, किसानों को मिली आय बढ़ाने की टिप्‍सकिसान कारवां बरेली

रामगंगा नदी के तट पर बसा ऐतिहासिक और कृषि-औद्योगिक केंद्र वाला जनपद बरेली में किसान तक किसान कारवां अपने यूपी के 75 जिलों की यात्रा के 62वें पड़ाव के रूप में ब्लॉक भौजीपुरा के हमीरपुर गांव पहुंचा. सुरमा और झुमका बनाने को लेकर विश्व के बाजार में मशहूर रहने वाला जनपद बरेली कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में भी देश और विदेश में अपनी एक अलग पहचान रखता है. गेहूं, गन्ना और धान की खेती के साथ यहां के किसान आधुनिक खेती की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहे हैं. जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर हमीरपुर गांव में जब किसान कारवां पहुंचा तो ग्रामीणों के बीच एक अलग ही उत्साह देखने को मिला. वहीं, कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में हो रहे बदलाव तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लेकर केवीके, कृषि विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किसानों को जानकारी दी गई.

बरेली जिला में आयोजित किसान कारवां कार्यक्रम में केवीके के वैज्ञानिकों और कृषि विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों के अलावा इस बार बरेली IVRI के भी वैज्ञानिक उपस्थित रहे. इसके साथ ही उर्वरक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाले इफ्फको, इफ्फको एमसी और धानुका के प्रतिनिधियों ने भी किसानों को उर्वरकों के सही उपयोग के साथ अपने विभिन्न उत्पादों की जानकारी दी. कार्यक्रम के दौरान किसानों के मनोरंजन के लिए सलमान जादूगर ने अपने जादू के माध्यम से खेती और पशुपालन से जुड़ी जानकारियां रोचक ढंग से प्रस्तुत कीं. इसके अलावा, 12 किसानों को लकी ड्रॉ के माध्यम से नकद राशि भी वितरित की गई.

जिले की मिट्टी में जीवाश्म का स्तर हो रहा है कम

पहले चरण में डॉक्टर रंजीत सिंह, केवीके बरेली ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित प्रयोग के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि बरेली जिले में जीवाश्म का स्तर 0.3 के आसपास है, जो काफी चिंताजनक है, जबकि 0.5 से अधिक होना चाहिए. आगे उन्होंने किसानों को मिट्टी की उर्वराशक्ति बढ़ाने पर जोर दिया.  उन्होंने किसानों की आय को दोगुना करने का सुझाव भी दिया. इसके साथ ही किसानों को उन्होंने सब्जी सहित फलदार फसलों की खेती करने का सुझाव दिया. वहीं उन्होंने किसानों को आड़ू की बागवानी करने को लेकर बताया कि अब बरेली जिले में इसे आसानी से किया जा सकता है.

फार्मर ID के बिना लाभ नहीं चलेगा काम

दूसरे चरण में कृषि विभाग के दिनेश कुमार ने किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ कैसे लें, इसको लेकर जानकारी दी. उन्होंने किसानों को ई-केवाईसी करने को लेकर जागरूक किया. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को फार्मर आईडी बनवाने पर जोर दिया और कहा कि अब कोई भी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना हो, या गेहूं की खरीद, या उर्वरक ये सभी उन्हीं किसानों को दिए जाएंगे जिनका फार्मर आईडी बना हुआ है. इसको लेकर पंचायत स्तर पर कार्यक्रम किए जा रहे हैं, इसलिए सभी किसान फार्मर आईडी जरूर बनवा लें.

नैनो जिंक, कॉपर सहित सागरिका लिक्विड लाया इफको

तीसरे चरण में इफको बरेली के क्षेत्रीय अधिकारी कार्तिक सिंह ने किसानों को नैनो यूरिया और डीएपी के बारे में जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को नैनो यूरिया और दानेदार यूरिया के बीच का अंतर और इसके सही तरीके से उपयोग के बारे में बताया. इसके अलावा नैनो जिंक, नैनो कॉपर सहित सागरिका तरल के बारे में भी किसानों को विस्तार से जानकारी दी.

नस्ल सुधार में IVRI कर रहा बढ़‍िया काम

चौथे चरण में IVRI बरेली के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जे.के. प्रसाद ने किसानों को बताया कि IVF के जरिए देसी नस्ल सुधार में क्रांतिकारी बदलाव आ रहा है. आगे उन्होंने कहा कि पशुओं के गर्भाधान के लिए सेक्स सॉर्टेड सीमेन के उपयोग के बारे में किसानों को जागरूक किया.

सूअर पालन से बदलेगी किसानों की किस्मत

पांचवें चरण में IVRI बरेली के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अमित कुमार ने किसानों को पशुओं में उन्नत नस्ल के बारे में जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को पिग फार्म को लेकर IVRI द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सूअर पालन किसानों की आय दोगुनी करने में काफी मददगार साबित होगा. धान-गेहूं की खेती के अलावा अब किसान पशुपालन से अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं.

इफको एमसी के उत्पाद किसानों का बन रहा साथी 

छठवें चरण में इफको एमसी के क्षेत्रीय अधिकारी हरीश कुमार गंगवार ने इफको एमसी से जुड़े उत्पादों के बारे में किसानों को विस्तार से बताया. साथ ही विभिन्न उत्पादों के बारे में भी जानकारी दी. आगे उन्होंने किसानों को माइकोजिन का प्रयोग कैसे करना है और इसके उपयोग से फसल को कितना फायदा मिलेगा, इसके बारे में भी जानकारी दी. साथ ही उन्होंने किसानों को शीरासागी, ससागे सहित अन्य उत्पादों के बारे में भी जानकारी.

नेपियर की खेती पर सरकार दे रही अनुदान

सातवें चरण में पशुपालन विभाग के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने नेपियर घास की खेती को लेकर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी.आगे उन्होंने किसानों को पशु बीमा को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि अब किसान पशु बीमा करवा सकते हैं.पशु की मृत्यु होने पर राशि भी दी जाती है.इसके साथ ही पशुओं को लेकर चलाई जा रही टीकाकरण के बारे में भी किसानों को जागरूक किया.

मिट्टी की जांच ही किसानों की बढ़ाएगी आमदनी

आठवें चरण में केवीके बरेली से डॉ. आर. एल. साग ने मिट्टी की उर्वरा शक्ति कैसे बढ़े, इसको लेकर किसानों को जानकारी दी. साथ ही उन्होंने सरकार के द्वारा चलाई जा रही उर्वरकों के संतुलित उपयोग से जुड़े हुए अभियान के बारे में भी किसानों को विस्तार से जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को समय-समय पर मिट्टी जांच कराने को लेकर जागरूक किया.

नवजात बछड़ों और बच्चों में खीस का महत्व

नौवें चरण में केवीके बरेली से डॉ. शार्दूल विक्रम लाल ने किसानों को पशु गर्भधारण से जुड़ी जानकारी विस्तार से दी. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को नवजात बछड़ों और बच्चों में खीस के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया.

कला के जरिए खेती का संदेश

दसवें चरण में जादूगर सरनाम ने अपनी कला के माध्यम से खेती से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की.उन्होंने किसानों को गोबर खाद के उपयोग और पशुपालन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया. इसके साथ ही उन्होंने किसानों से हर शुभ अवसर पर वृक्ष लगाने की अपील की. इसके अलावा उन्होंने किसानों को आय दोगुनी करने को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी.

धानुका के सेम्प्रा से गन्ना की खेती होगी बढ़िया

ग्यारहवें चरण में धानुका के प्रतिनिधि ऋषभ शर्मा ने कंपनी के 90 उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने किसानों को धानुका के सेम्प्रा सहित अन्य उत्पादों का धान, गेहूं, गन्ना सहित अन्य फसलों में उपयोग कैसे करें, इसको लेकर जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि धानुका के सभी उत्पादों पर बारकोड लगा रहता है, जिससे उत्पादों से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल की जा सकती है.

लकी ड्रॉ के जरिए किसानों को दी गई नकद राशि

अंतिम, 12वें चरण में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें 10 विजेताओं को 500 रुपये और इसके साथ ही कुल पांच विजेताओं को 1000 रुपये दिए गए. ‘किसान तक’ का यह कारवां किसानों को आधुनिक तकनीक, बाजार से जुड़ाव और आय बढ़ाने के उपायों से जोड़ने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है.

POST A COMMENT